मुकेश वैष्णव/दिव्यांग जगत/अजमेर
अजमेर। नसीराबाद उपखंड के निकटवर्ती ग्राम बुबानिया में मानसून की मूसलाधार बारिश के कारण रविवार को बारिश से गांव के तालाब की चादर चल गई । पानी के अत्यधिक वेग से चादर के निकट वाला मिट्टी का हिस्सा भी टूट गया और बाहर की दीवार टूट गई। ग्रामीणों द्बारा सूचना मिलते ही नसीराबाद नगर पालिका के कर्मचारी , एसडीएम, तहसीलदार सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और वस्तु स्थिति का जायजा लिया और तालाब को हो रहे नुकसान की मरम्मत के लिए फायर ब्रिगेड , जेसीबी, ट्रैक्टर, बजरी के कट्टे भरकर कटाव को रोकने का प्रयास अपने स्तर पर शुरू कर दिया है। वहीं लगे कटाव के समीप जाने के लिए पर्याप्त रास्ता न होने से कर्मचारियों की भारी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है । जबकि ग्रामीणों का कहना है कि पेड़ काटने वाली मशीन से तालाब की पाल पर रास्ता बनाया जा सकता है । जिससे कि प्रशासन को काम में मदद मिलेगी । ग्रामीणों का कहना है कि तीन दिन होने के बाद भी अभी तक पाल के नजदीक नहीं पहुंचा जा सका और अभी तक राहत कार्य प्रारम्भ नहीं हुआ है । जिससे अगर यह तालाब अगर टूटता है तो नांदला के ग्रामीणों को जान माल का खतरा उत्पन्न हो सकता है , वैसे भी नांदला का तालाब भी लबालब हो जाने से उसकी भी चादर चल रही है । ग्रामीणों का प्रशासन से अनुरोध है जल्द से जल्द इस कार्य को प्रारम्भ करा कर राहत प्रदान करावे। इस मौके पर गांव के सत्यनारायण सिंह, पुखराज कुमावत, दिनेश वैष्णव , अशोक सेन , राहुल एवं गांव के पंच पटेलों सहित कई ग्रामीण नजर बनाए हुए हैं।