डिप्टी सीएम ने किया नांगल चौधरी में तीन मंजिला जाट सभा के भवन का उद्घाटन
उपमुख्यमंत्री ने सभा के लिए 31 लाख रुपए देने की घोषणा की
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री ओम प्रकाश यादव की ओर से सभा को 11 लाख रुपए की घोषणा की
सभा में बनाई जाएगी आधुनिक डिजिटल लाइब्रेरी
रिपोर्टर भगवत शर्मा
दिव्यांग जगत न्यूज & चैनल
नांगल चौधरी। हरियाणा के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि किसी भी समाज द्वारा बनाया गया भवन 36 बिरादरी के लिए होता है। समाज को इसका उपयोग शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए करना चाहिए। शिक्षा से ही समाज व इलाका तरक्की होती है। श्री चौटाला आज नांगल चौधरी में तीन मंजिला जाट सभा के उद्घाटन अवसर पर बोल रहे थे। इस मौके पर उन्होंने सभा के लिए 31 लाख रुपए देने की घोषणा की। वहीं सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री ओम प्रकाश यादव के कार्यक्रम में न पहुंच पाने के कारण उनकी तरफ से भी उन्होंने 11 लाख रुपए देने की घोषणा की। श्री यादव आज केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले के साथ व्यस्त थे इसलिए उन्होंने डिप्टी सीएम को अपनी ओर से 11 लाख रूपए देने की घोषणा की थी।
जाट सभा को जमीन देने वाले कुलदीप जैलदार का उन्होंने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे ही दानवीरों की वजह से आने वाले समय में इस सभा को याद किया जाएगा।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि नांगल चौधरी हलका को हरियाणा का अंतिम हलका बोला जाता है लेकिन वास्तव में यह हरियाणा का पहला हलका है। इस जाट सभा में एक ऐसी डिजिटल लाइब्रेरी का निर्माण किया जाए जिसको पूरे प्रदेश में रोल मॉडल के तौर पर पेश किया जा सके। इसके लिए वे एस्टीमेट बनाकर जो भी खर्चा होगा वह बताएं, वे देने के लिए तैयार हैं।
उन्होंने बताया कि इस भवन का सही उपयोग किया जाए। यह भवन कॉलेज के बिल्कुल समीप है। आने वाले समय में 36 बिरादरी के छात्र यहां पर विभिन्न प्रकार की प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयारी कर सकेंगे। इसके अलावा यह नेशनल हाईवे के नजदीक है। यहां दूरदराज से आने वाले यात्री भी विश्राम कर सकेंगे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नांगल चौधरी के विधायक डॉ अभय सिंह यादव ने कहा कि समाज उन्हीं को याद करता है जो लोग समाज के लिए कुछ करते हैं। कुलदीप जैलदार जैसे दानवीरों का समाज हमेशा ऋणी रहेगा जो आगे बढ़कर ऐसे परोपकारी कार्यों में अपना सहयोग देते हैं। उन्होंने कहा कि समाज के कार्यों को इसी प्रकार सामूहिक भावना से आगे बढ़ाना चाहिए।
डिप्टी सीएम ने कमेटी के प्रधान कुलदीप जैलदार, खजांची रामनिवास सरपंच, सचिव जयपाल सरपंच, सह सचिव रामनिवास लंबोरा को सम्मानित किया।
इस मौके पर जेजेपी की जिला प्रधान मंजू चौधरी, पूर्व सीपीएस अनीता यादव, कमलेश सैनी, रमेश पालड़ी, तेज प्रकाश, एडवोकेट प्रमोद ताखर व विजय छिलरो के अलावा अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद थे।