मुकेश वैष्णव/दिव्यांग जगत/अजमेर
अजमेर । नसीराबाद उपखण्ड क्षेत्र में पुरुषों के अधिकारों की आवाज़ बुलंद होती जा रही है। बुधवार को धोली हताई बारा गाँव स्थित शिक्षण संस्थान देरांठू से जुड़े सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं जागरूक नागरिकों ने उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए देश और राज्य में पुरुष आयोग के गठन की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया कि जिस प्रकार महिलाओं की समस्याओं के निवारण के लिए महिला आयोग कार्यरत है, उसी तर्ज पर पुरुषों के लिए भी एक स्वतंत्र संवैधानिक आयोग की आवश्यकता है।
प्रतिनिधियों ने बताया कि वर्तमान समय में अनेक पुरुष झूठे मुकदमों, मानसिक उत्पीड़न और पारिवारिक शोषण का शिकार हो रहे हैं, लेकिन उनके लिए कोई विशिष्ट मंच या सहायता तंत्र नहीं है।
ज्ञापन उपखंड अधिकारी के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को भी प्रेषित किया गया, जिसमें पुरुष आयोग की स्थापना के लिए त्वरित निर्णय लेने की मांग की गई।
ज्ञापन सौंपने वालों ने कहा कि इस आयोग की स्थापना से न्याय का संतुलन स्थापित होगा और समाज में वास्तविक लैंगिक समानता को बढ़ावा मिलेगा।