गांव जोगीवाला के पास सड़क के निकट अज्ञात युवती का मिला शव
-नियामत जमाला-
भादरा, 21 नवंबर /भिरानी पुलिस थाना क्षेत्र में गांव जोगीवाला के निकट रविवार सुबह करीब 25 वर्षीय अज्ञात युवती का शव मिला है। शव की सूचना मिलने के बाद भिरानी पुलिस ने मौका पर पहुंच शव को बरामद कर उसे पहचान के लिए राजकीय अस्पताल भादरा की मोर्चरी में रखवाया है। थानाधिकारी सीआई सुखराम चोटिया ने बताया है कि अज्ञात मृतक महिला 25 वर्ष की लगती है, जो लाल रंग का सलवार सूट पहने हुए है। गुलाबी रंग का स्वेटर व पैरों में नीले रंग के स्पोर्ट्स जूते पहने हुए है। हाथों में सुनहरे रंग की लाख की चुड़िया व नाक में नांजपिन व गले में लाल रंग का नाल (डोरा ) एवं कमर पर काले रंग की तागड़ी व लाल रंग का डोरा बंधा हुआ है। मृतक महिला के चेहरे पर चोटों के निशान है, ग्रामीण व पुलिस को आशंका है कि युवती की हत्या की गई है। पुलिस ने महिला के शव की पहचान के लिए आसपास के पुलिस थानों में भी सूचना भिजवाई है।
फोटो- अज्ञात महिला का शव