प्रधानमंत्री फसल बीमा पॉलिसी सत्यापन का कार्य 24 अगस्त तक पूर्ण करें बैंक – जिला कलेक्टर
हनुमानगढ़, 23 अगस्त। जिला सलाहकार समिति की बैठक का आयोजन मंगलवार को जिला कलेक्टर श्री नथमल डिडेल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में हुआ। जिसमें भारतीय रिजर्व बैंक के सहायक महाप्रबंधक श्री ओ पी कविया, जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक श्री राज कुमार, नाबार्ड के जिला विकास प्रबंधक श्री दयानन्द काकोडिया तथा सभी बैंकों के जिला समन्वयक, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक श्री विक्रम सिंह तथा जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक श्री दिनेश राजपुरोहित राजीविका के परियोजना प्रबन्धक श्री सुनील छाबड़ा ने भाग लिया।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला कलेक्टर श्री नथमल डिडेल ने लंबित पड़े सभी आवेदन पत्रों का नियमित अंतराल पर निस्तारित करने के निर्देश सभी बैंकों को देते हुए कहा कि अगर आवेदक बैंक के नियमानुसार पात्र है तो समय पर ऋण उपलब्ध करवाएं ताकि वो अपना रोजगार शुरू कर सके । इन्दिरा गांधी शहरी क्रेडिट कार्ड तथा मुख्यमंत्री लघु उद्योग प्रोत्साहन योजना राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाएं होने के कारण सभी ऋण आवेदन पत्रों का निस्तारण करें तथा निस्तारण की सूचना जिला अग्रणी बैंक कार्यालय को उपलब्ध करवाएं।
कृषि क्षेत्र में वित्तपोषण बढ़ाये जाने की आवश्यकता पर बल दिया। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत भारतीय कृषि बीमा कंपनी द्वारा बैंकों के सत्यापन्न हेतु भेजे गए 88000 प्रकरणों में से शेष बचे 28000 प्रकरणों को सत्यापित कर कंपनी को रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिये जिससे वंचित किसानों को फसल बीमा क्लेम का भुगतान हो सके।रिजर्व बैंक के सहायक महाप्रबंधक श्री ओ पी कविया ने शिक्षा ऋण के क्षेत्र में वित्तपोषण बढ़ाये जाने की आवश्यकता पर बल दिया। आरसेटी द्वारा संचालित प्रशिक्षण कार्यक्रमों में विविधता लाने तथा रोजगार सृजक बनाए जाने के निर्देश दिये।
नाबार्ड के जिला विकास प्रबंधक श्री दयानन्द काकोडिया ने कृषि क्लीनिक एवं कृषि व्यवसाय गतिविधि हेतु ऋण अधिकाधिक वितरण हेतु दिशा तथा कृषि प्रसंस्करण क्षेत्र में वित्त पोषण को बढ़ावा देने के निर्देश दिये ताकि किसानों को अधिकतम लाभान्वित किया जा सके।जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक श्री राज कुमार ने वर्ष 2022-23 के लिए सभी बैंकिंग आंकड़ों का प्रस्तुतीकरण कर विस्तार से जानकारी दी। सभी बैंकों से ऋण प्रस्तावों का निस्तारण त्वरित गति से करने की अपील की।