किशनगढ़ में जीजा-साले ने रची हत्या की साजिश, जीजा हुआ गिरफ्तार
मुकेश वैष्णव/दिव्यांग जगत/अजमेर
अजमेर । अजमेर जिले के किशनगढ़ सिटी थाना के उदयपुर कला गांव के कुम्हरिया बेरे के पास खेत की रखवाली कर रहे किसान की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी । अब इस मामले का सिटी थाना पुलिस ने 24 घंटे में पर्दाफाश करते हुए हत्या के आरोपी जीजा राहुल उर्फ बाबूलाल भील को गिरफ्तार किया है ।
मामले में फरार चल रहे आरोपी नाबालिग साले की तलाश जारी है । पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी जंगल में शिकार करते हुए मृतक रंगलाल के खेत से होकर निकल रहे थे और इसी दौरान रंगलाल ने उन्हें रोक लिया । रंगलाल ने फोन कर अपने भाई को भी मौके पर बुलाकर दोनों को पकड़कर पुलिस के हवाले करने की बात करने लगे और यह बात जीजा और साले को नागवार गुजरी और नाबालिग साले ने मृतक रंगलाल और सुखलाल को कहा कि हम दोनों को छोड़ दो नहीं तो गोली मार देंगे ।
मृतक के भाई ने जैसे ही कहा कि ऐसे कैसे गोली मार दोगे तो आरोपी नाबालिग ने मृतक के सीने में टोपीदार बंदूक से गोली दाग दी और मौके से फरार हो गए । मृतक के भाई रंगलाल को उपचार के लिए राजकीय अस्पताल लेकर पहुंचा जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया । मृतक के भाई सुकलाल ने मामले की जानकारी किशनगढ़ सिटी थाना पुलिस को दी । सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे सीओ सिटी मनीष शर्मा , थाना प्रभारी नरपत सिंह चारण ने मृतक के भाई से पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि भीलो की बस्ती में रहने वाले राहुल उर्फ बाबूलाल और दिनेश ने घटना को अंजाम दिया है ।
सीओ सिटी मनीष शर्मा के निर्देशन में टीमों का गठन कर डेरे में दबिश दी गई जहां आरोपी राहुल उर्फ बाबूलाल भील मिल गया । आरोपी को पकड़कर पुलिस घटनास्थल लेकर पहुंची जहां घटनास्थल से 1 किलोमीटर की दूरी पर आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने टोपीदार बंदूक बरामद की और शहर थाना पुलिस ने आरोपी जीजा राहुल उर्फ बाबूलाल भील को गिरफ्तार किया है । वहीं मामले में फरार चल रहे नाबालिग साले की पुलिस सरगर्मी से तलाश में जुटी है ।