मुकेश वैष्णव/दिव्यांग जगत/अजमेर
अजमेर। पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, नसीराबाद में सोमवार को एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें भारतीय सेना के कर्नल मनिंदर सिंह ने विद्यालय के विद्यार्थियों को “ऑपरेशन सिंदूर” से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ दी।
इस अवसर पर कर्नल सिंह ने “ऑपरेशन सिंदूर” की पृष्ठभूमि, उद्देश्य एवं उससे जुड़ी प्रमुख घटनाओं की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किस प्रकार भारतीय सेना ने देश की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु इस ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम दिया। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक इस विषय पर प्रश्न पूछे, जिनका कर्नल सिंह ने अत्यंत सरल और प्रेरणादायक तरीके से उत्तर दिया। और विद्यार्थियों को प्रेरणादायक कथन के माध्यम से भारतीय सेना को ज्वाइन करने का आह्वान किया! कर्नल सिंह ने विद्यार्थियों को आगाह किया कि वह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से किसी भी प्रकार की गलत जानकारी ग्रहण न करें और यदि उनके पास कोई जानकारी आती है तो उसका सही सोर्स का पता करें । आजकल की युवा पीढ़ी को गलत जानकारी ग्रहण करने से बचना चाहिए।
विद्यालय के प्राचार्य आर सी मीणा ने भी अपने संबोधन में “ऑपरेशन सिंदूर” की ऐतिहासिक महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम छात्रों में देशभक्ति की भावना को मजबूत करते हैं और उन्हें देश सेवा के लिए प्रेरित करते हैं।
कार्यक्रम के अंत विद्यालय के वरिष्ठ अध्यापक नितेश सिसोदिया द्वारा आभार ज्ञापित किया गया। इस कार्यक्रम ने विद्यार्थियों के मन में भारतीय सेना के प्रति सम्मान और गौरव की भावना को और भी प्रगाढ़ किया।