पुलिस अफसरों के सोशल मीडिया अकाउंट पर अवेयरनेस पोस्ट
साइबर ठगी के मामले बढे ,इसलिए अलर्ट करने की पहल , युवा पुलिस निगरानी मे
मुकेश वैष्णव/दिव्यांग जगत/अजमेर
अजमेर । अजमेर में साइबर क्राइम की बढ़ती वारदातों पर शिकंजे के लिए जिला पुलिस ने नई पहल की है। एसपी सहित तमाम पुलिस अफसर अपने वाट्सएप स्टेटस पर साइबर क्राइम से अवेयर करने वाली पोस्ट लगाई जा रही हैं।
पुलिस फेसबुक और इंस्टाग्राम पर लोगों को साइबर क्राइम से बचाव के टिप्स बता रही है। जिस तरह की साइबर ठगी की वारदातें बढ़ती हैं, उसी तरह की अवेयरनेस वाली पोस्ट पुलिस अफसरों के स्टेटस पर देखी जा सकती है। इन दिनों वाट्सएप स्टेटस पर आपका फोटो लगाकर परिचितों को मदद के नाम पर मैसेज देकर ठगी की जा रही हैं। इस तरह की वारदातों का शिकार होने वालों की सूची में पुलिस अफसर, वकील, कारोबारी, चिकित्सक, शिक्षाविद् सहित बड़ी संख्या में आमजन शामिल है।
जी-मेल का पासवर्ड स्ट्रांग रखें, मोबाइल नंबर को कभी भी पासवर्ड नहीं बनाएं
यदि कोई यह कह रहा है कि किसी ने उसका वाट्सएप हैक कर लिया है तो वह गलत कह रहा है। वाट्सएप नहीं होता है, आपकी जीमेल आईडी हैक हुई है। यह आईडी भी उन लोगों की हैक हो रही है जिन्होंने अपनी जीमेल आईडी का पासवर्ड मोबाइल नंबर को रखा है। और टूकॉलर में अपनी जीमेल आईडी दे रखी है। लेकिन जी-मेल आईडी कैसे हैक हुई? इसे समझना जरूरी है। एकदम आसान तरीका है, जब भी कोई ट्रूकॉलर पर नंबर सर्च करेगा, तो उसका मोबाइल नंबर और जीमेल आईडी दोनों ही मिल जाए और फोटो वाट्सएप पर मिल ही गई, तो साइबर ठग द्वारा जीमेल से आपकी कांटेक्ट लिस्ट चुरा ली जाती है। फिर आपका फोटो लगाकर आपने जानकारों को मैसेज कर मदद के नाम ठगी करना शुरु कर दिया जाता है।
युवाओं से अपील आप निगरानी में हैं, अपराधियों और गैंगस्टर्स को सोशल मीडिया पर फॉलो नहीं करें
पुलिस की साइबर सैल अपराधियों और गैंगस्टर्स से प्रभावित होकर उनका सहयोग, समर्थन करने वाले युवाओं को चिह्नित कर रही है। जिले के युवाओं से अपील की गई है कि आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों को वाट्सअप, फेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम सहित अन्य किसी भी सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर फॉलो नहीं करें और न ही इनका महिमामंडन करें। सोशल मीडिया पर यदि कोई अपराधियों को फॉलो कर रहा है या फिर किसी तरह की सांप्रदायिक पोस्ट या आपराधिक पोस्ट भेज रहा है तो उसकी सूचना तुरंत संबंधित थाना पुलिस को दें। सूचना देने वाले का नाम गोपनीय रखा जाएगा।