शनिवार और रविवार को भी खुले रहेंगे पशु पालन विभाग के कार्यालय

लम्पी स्किन डिजीज

शनिवार और रविवार को भी खुले रहेंगे पशु पालन विभाग के कार्यालय

मुकेश वैष्णव/दिव्यांग जगत/अजमेर

अजमेर । लम्पी स्किन डिजीज के बचाव एवं उपचार के लिए पशुपालन विभाग द्वारा लगातार कार्य किया जा रहा है। जिले में पशुपालन विभाग के कार्यालय शनिवार एवं रविवार को भी खुले रहेंगे।
पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक डाॅ. प्रफुल्ल माथुर ने बताया कि जिले में लम्पी स्किन डिजीज के प्रकोप से बचाव एवं उपचार की कार्यवाही की जा रही है। पशुपालन विभाग के अधिकारियों एवं कार्मिकों द्वारा लगातार क्षेत्रा में निरीक्षण कर देखभाल, उपचार एवं सुझाव प्रदान किए जा रहे है। पशु पालकों को फिटकरी का स्प्रे, नीम का धुंआ एवं साफ सफाई की सलाह दी जा रही है। जिले में असंक्रमित पशुओं को गोट पाॅक्स का टीका लगाया जा रहा है। राज्य सरकार द्वारा राजकीय अवकाश के दौरान भी पशुपालन विभाग के समस्त कार्यालय खुले रखने के निर्देश जारी किए गए हैं। इसके अनुसार जिले में पशुपालन विभाग के समस्त कार्यालय शुक्रवार को जन्माष्टमी के अवकाश पर भी खुले रहे। शनिवार 20 एवं रविवार 21 अगस्त को राजकीय अवकाश होने पर भी कार्यालय खुले रखकर पशुओं का उपचार किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि जिले में शुक्रवार को 3 हजार 438 संदिग्ध पशु चिन्हित हुए। इनमें से एक हजार 327 पशु संक्रमित पाए गए। उपचार के पश्चात 1039 में से 401 पशु ठीक हुए । जिले में 104 पशुओं के मृत होने की सूचना है। जिले में 4 हजार 799 स्वस्थ पशुओं का टीकाकरण किया गया । साथ ही 1079 पशुओं को आईसोलेट भी किया गया है ।

Author: admin

Comments (0)
Add Comment