अजमेर जिला जन अभियोग एवं सतर्कता समिति की बैठक हुई आयोजित
बैठक मे 4 प्रकरण निस्तारित कर आमजन को राहत दी गई
मुकेश वैष्णव/ दिव्यांग जगत/अजमेर
——————————अजमेर ।जिला जन अभियोग एवं सतर्कता समिति की बैठक तथा जिला स्तरीय जनसुनवाई का आयोजन गुरूवार को कलक्ट्रेट स्थित डीओआईटी वीसी रूम में हुआ। बैठक में 4 प्रकरण निस्तारित कर आमजन को राहत प्रदान की गई।
जिला कलक्टर अंश दीप ने बताया कि राज्य सरकार ने आमजन को राहत पंहुचाने के लिए जनसुनवाई आयोजित करने के निर्देश दिए है।जनसुनवाई में आने वाले प्रकरणों को पंजीकृत कर हाथाें-हाथ निस्तारित करने की दिशा में कार्य करने से जनसुनवाई की सार्थकता है। जिला एवं ब्लॉक स्तरीय प्रशासनिक अधिकारियों को अपने कार्यालय में नियमित दैनिक जनसुनवाई भी करनी चाहिए। इन शिकायतों का निस्तारण कर देने से उच्च स्तर पर न्यूनतम शिकायतें ही आएगी। मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता पर ध्यान देने से शिकायतों की संख्या में कमी आती है।
उन्होंने बताया कि उपखण्ड स्तरीय जनसुनवाई में प्राप्त प्रकरणों की पूरी जानकारी तथा उस पर की गई कार्यवाही के बारे में अद्यतन सूचना उपखण्ड अधिकारी अपने पास रखेंगे। आगामी जनसुनवाई में किसी भी असंतुष्ट परिवादी के उपस्थित होने पर की गई कार्यवाही से अवगत कराएंगे। प्रकरण के खारिज करने के लिए सही कारण होना चाहिए। जनसुनवाई में प्राप्त प्रकरणें का निर्धारित समयावधि में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाना चाहिए।
जिला कलक्टर अंश दीप ने बताया कि जनसुनवाई के दौरान 85 प्रकरणों को सुना गया। इन पर त्वरित कार्यवाही के लिए सम्बन्धित विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया गया। इन प्रकरणों के निस्तारण के साथ ही परिवादी को दुरभाष के माध्यम से कार्यवाही की सूचना दी जाएगी। इसी प्रकार जिला जन अभियोग एवं सतर्कता समिति की बैठक में 16 प्रकरणों पर चर्चा की गई। इनमें से 4 प्रकरण निस्तारित किए गए। राजकीय सैटेलाइट चिकित्सालय आदर्श नगर में आगन्तुकों के वाहनों की पार्किंग व्यवस्था चालु होने तथा अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही पूर्ण की गई। पुष्कर के खसरा नम्बर 712 एवं 713 पर से अतिक्रमण हटाकर परिवादी श्याम लाल मालावत को राहत प्रदान की गई। प्रकाश गोहरानी के द्वारा प्रस्तुत प्रकरण पर न्यायिक स्थगन होने के कारण प्रकरण ड्रॉप किया गया है। गोठियाना ग्राम पंचायत की चारागाह भूमि पर से अतिक्रमण हटाकर सीमाज्ञान की कार्यवाही की गई।
उन्होंने बताया कि कड़ैल में अतिक्रमण हटाने के लिए पुलिस जाप्ते के साथ कार्यवाही की गई। इसकी रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। उपखण्ड अधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा संयुक्त बेदखली रिपोर्ट तैयार की जाएगी। नगर निगम के वार्ड संख्या 41 में अवैध आवासीय कॉलोनी के सम्बन्ध में अजमेर विकास प्राधिकरण द्वारा रिपोर्ट तैयार की जाएगी। डम्पर चालकों द्वारा धमकी देने के सम्बन्ध में पुलिस द्वारा जांच की जाएगी। डॉ. देविका चौधरी के अस्पताल के सम्बन्ध में स्वीकृत नक्शे के अनुसार भवन में परिवर्तन करने के निर्देश दिए गए। श्यामलाल मालावत को लोहारवाड़ा में पुलिस जाप्ते के साथ कार्यवाही करने का आश्वासन दिया गया। नालियां निकालने तथा संगमरमर की चबुतरी तोड़ने के सम्बन्ध में ग्राम सभा की बैठक में निर्णय लिया जाएगा। गोविंदगढ़ में अवैध निर्माण की शिकायत का निस्तारण करने के लिए समस्त पात्र व्यक्तियों को नियमानुसार पट्टे जारी करने के लिए कहा गया। मुण्डौती के चारागाह पर से अतिक्रमण जेसीबी एवं पुलिस जाप्ते के साथ 24 घण्टे में हटाया जाएगा। नयाघर उदयपुर कलां सिलोरा में अतिक्रमण एक सप्ताह में हटाया जाएगा। गाडिया लौहारों को नारेली में भूखण्ड आवंटन की कार्यवाही अतिरिक्त जिला कलक्टर, उपखण्ड अधिकारी एवं विकास अधिकारी की कमेठी के माध्यम से की जाएगी।
अजमेर दक्षिण विधायक श्रीमती अनिता भदेल ने जनसुनवाई एवं सतर्कता समिति की बैठक के दौरान आमजन की मूलभूत सुविधाओं से सम्बन्धित मुद्दे उठाए। धौला भाटा में विद्युत ट्रांसफार्मर को उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित करने के लिए पुलिस जाप्ते का सहयोग लिया जाएगा। आदर्श नगर नसीराबाद रोड़ से नाका मदार श्रीनगर रोड़ तक बाईपास के प्रस्तावित 60 फिट के मार्ग पर से अतिक्रमण हटाकर मार्गाधिकार सुनिश्चित किया जाएगा। इसमें उपखण्ड अधिकारी एवं सिंचाई विभाग के साथ भी समन्वय स्थापित किया जाएगा। रास्ते में आने वाले विद्युत टॉवरों को भी एक सप्ताह में हटाने की कार्यवाही की जाएगी। गाडिया लौहारों को भूखण्ड आवंटन की कार्यवाही नारेली में की जाएगी। वहां इनका पुनर्र्वास सुनिश्चित किया जाएगा। काली बाई स्कूटी योजना, मुख्यमंत्री चिरंजीवी दुर्घटना बीमा योजना, कोरोना सहायता से सम्बन्धित जनहित के प्रकरणों पर विचार विमर्श किया। किशनगढ़ विधायक सुरेश टांक ने क्षेत्र की समस्याओं से सम्बन्धित मुद्दे उठाए।
इस अवसर पर नगर निगम के आयुक्त सुशील कुमार, अतिरिक्त संभागीय आयुक्त गजेन्द्र सिंह, अतिरिक्त जिला कलक्टर कैलाश चंद्र शर्मा एवं भावना गर्ग, अजमेर विकास प्राधिकरण के सचिव किशोर कुमार, प्रोटोकॉल ऑफिसर आलोक जैन, उपखण्ड अधिकारी महावीर सिंह सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।