- आईटी कार्मिकों का आंदोलन शुरू
24 अप्रैल से 2 मई तक रहेंगे सामूहिक अवकाश पर, मांग नहीं मानी गई तो 3 मई से जयपुर में महापड़ाव
11 सूत्री मांगों को लेकर कलेक्टर को दिया ज्ञापन
मुकेश वैष्णव/दिव्यांग जगत/अजमेर
अजमेर । राजस्थान अधीनस्थ कंप्यूटर कर्मचारी संघ के आह्वान पर राज्य के समस्त आईटी कार्मिक सोमवार से सामूहिक अवकाश पर रहेंगे। सोमवार से आयोजित किए जाने वाले महंगाई राहत बचत शिविर का भी बहिष्कार करते हुए अवकाश पर चले जाएंगे। राजस्थान अधीनस्थ कंप्यूटर कर्मचारी संघ इकाई अजमेर की जिलाध्यक्ष श्रीमती तृप्ति पाराशर ने बताया कि प्रदेशाध्यक्ष कपिल चौधरी के आह्वान पर राज्य के समस्त सूचना सहायक एवं सहायक प्रोग्रामर सोमवार से सामूहिक अवकाश पर रहेंगे। इस दौरान सोमवार से आयोजित किए जाने वाले महंगाई राहत बचत कैंप तथा प्रशासन गांवों व शहरों के संग शिविर का भी बहिष्कार कर सामूहिक अवकाश पर रहेंगे। इसी क्रम में अजमेर आईटी यूनियन पदाधिकारी व कार्मिकों ने अजमेर जिला कलेक्टर को 11 सूत्री मांगों का ज्ञापन मुख्यमंत्री के नाम सौंपा गया। जिले के विभिन्न विभागों, समस्त उपखंड क्षेत्र एवं तहसील कार्यालयों में भी ज्ञापन सौंपा गया।
आईटी यूनियन अजमेर जिला अध्यक्ष श्रीमती पाराशर ने बताया कि राज्य सरकार से हुए लिखित समझौते को डेढ़ वर्ष से अधिक का समय बीत जाने पर भी आज तक कार्यवाही नहीं की गई। विभाग एवं राज्य सरकार की ओर से हमेशा आश्वासन ही प्राप्त हुआ है। परिणाम स्वरूप मजबूर होकर आईटी यूनियन को यह कदम उठाना पड़ रहा है। अजमेर शहर एवं जिले के समस्त उपखंड क्षेत्रों के लगभग 300 सूचना सहायक एवं सहायक प्रोग्रामर सोमवार से सामूहिक अवकाश पर रहेंगे। इस दौरान राज्य सरकार द्वारा मांगे नहीं मानने पर 3 मई से जयपुर में महापड़ाव किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि सूचना प्रौद्योगिकी और संचार विभाग में कार्यरत आईटी कार्मिकों की बदौलत राजस्थान सरकार को समय-समय पर विभिन्न प्रकार के अवार्डस आईटी के क्षेत्र में मिलते रहे हैं। आईटी कार्मिक योजनाओं के सफल क्रियान्वयन के लिए दिन रात मेहनत करके दौड़-धूप में लगे रहते हैं। आमजन को योजनाओं का लाभ दिलवा रहे हैं। इसके उपरांत भी सरकार द्वारा आईटी कार्मिकों की मांगों की विगत कई वर्षों से अनदेखी की जा रही है।
इन मांगों को लेकर सामूहिक अवकाश पर है आईटी कार्मिक
सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग को तकनीकी विभाग घोषित करते हुए वेतन विसंगति दूर कर सहायक प्रोग्रामर की ग्रेड पे 4200 एवं सूचना सहायक को की ग्रेड पे 3600 करवाना मुख्य मांग है। इसके साथ ही नाम परिवर्तन, शैक्षणिक योग्यता में बदलाव, एसीपी एवं प्रोग्रामर के पदों में विभागीय आरक्षण, हार्ड ड्यूटी एलाउंस, राजकीय अवकाश पर ड्यूटी करने की एवज में क्षतिपूर्ति अवकाश अथवा डे ऑफ के स्पष्ट आदेश इत्यादि के समर्थन में राज्य सरकार का ध्यानाकर्षण करने हेतु आईटी संवर्ग के कार्मिकों द्वारा 24 अप्रैल से 2 मई तक सामूहिक अवकाश रखा जाएगा एवं मांगे नहीं मानने पर 3 मई से महापड़ाव हेतु अजमेर आईटी कार्मिक जयपुर में सम्मिलित होंगे।