ड्रोन डेमोंस्ट्रेशन के माध्यम से उन्नत कृषि तकनीक का किया गया प्रदर्शन
ग्रा.पं. अहीर, इकरोटिया, मुंडावर, बहरोज, रुंध, नाखनौल एवं निंबाहेड़ी में आयोजित हुए केंप
- मुंडावर पंचायत समिति के 15 गांव में जल जीवन मिशन के तहत मिलेगा पानी*
खैरथल तिजारा 21 दिसम्बर | राजस्थान के विकास से राष्ट्र के विकास की और अग्रसर ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ के अंतर्गत जनसहभागिता के माध्यम से आमजन को भारत सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक कर घर-घर, गाँव-गाँव जाकर लाभान्वित किया जा रहा है| ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ के तहत् पांचवें दिन मंगलवार को ‘मोदी की गारंटी’ नाम से लोकप्रिय आईसी वैन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जनता के नाम प्री-रिकॉर्डेड वीडियो संदेश एवं प्रमुख जनकल्याणकारी कार्यक्रमों से संबन्धित जनजागरूकता संदेश को लेकर जिले में निर्धारित रूट मेप के अनुसार खैरतल तिजारा के कोटकासिम पंचायत समिति के अहीर एवं इकरोटिया, मुंडावर पंचायत समिति स्थित ग्राम पंचायत बहरोज एवं रुंध तिजारा पंचायत समिति में स्थित ग्राम पंचायत नाखनौल एवं निंबाहेड़ी में पहुँची|जिला कलक्टर हनुमान मल ढाका ने बताया कि प्रगति के पथ पर राजस्थान के ध्येय को साकार कर रही विकसित भारत संकल्प यात्रा के तहत् जनसहभागिता के माध्यम से आमजन को भारत सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक कर घर-घर, गाँव-गाँव जाकर लाभान्वित किया जा रहा है| साथ ही प्रमुख योजनाओं से संबन्धित गतिविधियों क्विज, स्किट आदि में आमजन जोश एवं उत्साह के साथ भाग ले रहें हैं और विजेताओं को पुरस्कृत भी किया जा रहा है| ‘मोदी जी की गारंटी’ के नाम से लोकप्रिय हो रहे इन जागरूकता रथों के पहुँचने पर संबन्धित ग्राम पंचायतों में आमजन नाच-गाकर, खुशियाँ मनाकर स्वागत कर रहें हैं|
उन्होंने बताया कि ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ वंचित वर्ग के लिए सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित करने का जमीनी स्तर पर कार्य कर रही है| इस अभियान का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत सरकार द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं जैसे आयुष्मान भारत – पीएमजेएवाई, प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना, दीनदयाल अंत्योदय योजना – राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा, प्रधानमंत्री किसान सम्मान, किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी), प्रधानमंत्री पोषण अभियान, ‘हर घर जल’ – जल जीवन मिशन, गांवों का सर्वेक्षण और ग्रामीण क्षेत्रों में उन्नत प्रौद्योगिकी के साथ मानचित्रण (स्वामित्व), जन धन योजना, जीवन ज्योति बीमा योजना, सुरक्षा बीमा योजना, अटल पेंशन योजना, प्रधानमंत्री प्रणाम योजना, नैनो उर्वरक योजना आदि के प्रति जनजागरूकता फैलाना और जनसहभागिता के माध्यम से उन्हें अंतिम पंक्ति के वंचित वर्ग तक पहुंचाना है|
जिला प्रभारी अधिकारी भारत सरकार एवं जिला कलेक्टर ने
निरीक्षण के दौरान ग्राम पंचायत रुंध में जिला प्रभारी अधिकारी भारत सरकार राहुल यादव एवं जिला कलेक्टर हनुमान मल ढाका का स्वागत सत्कार किया गया। इसके उपरांत केंद्रीय पर्यवेक्षक नें कैंप का निरीक्षण कर वहां उपस्थित आमजन को विकसित भारत की शपथ दिलाई और कैंप क्विज में विजेता रहे ग्रामीणों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया। इस दौरान कैंप में कई सांस्कृतिक गतिविधियों व धरती कहे पुकार के नाइट बालिकाओं द्वारा प्रस्तुत किया गया। केंद्रीय पर्यवेक्षक द्वारा ग्राम पंचायत रुंध में उत्कृष्ट खिलाड़ियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया साथ उन्हें आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।
निरीक्षण के दौरान जिला प्रभारी अधिकारी भारत सरकार ने कैंप में संचालित सभी योजनाओं की जानकारी लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने उज्जवला योजना के लाभार्थी को मौके पर गैस कनेक्शन वितरित करवाए।
जल जीवन मिशन कैंप प्रभारी ने बताया कि जल जीवन मिशन योजना के तहत मुंडावर पंचायत समिति के 15 गांव में हर घर के अंदर जल उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि 15 गांव में कुल 4612 कनेक्शन किए जाएंगे जिनमें 13 ट्यूबवेल व पाइपलाइन के माध्यम से पानी सप्लाई किया जाएगा।