पालनहार आवासीय बालक छात्रावास (हाफ वे होम) में प्रवेश प्रारम्भ

पालनहार आवासीय बालक छात्रावास (हाफ वे होम) में प्रवेश प्रारम्भ

मुकेश वैष्णव/दिव्यांग जगत/अजमेर

अजमेर। पालनहार योजना से लाभान्वित होने वाले छात्रों के लिए पालनहार आवसीय बालक छात्रावास में प्रवेश प्रारम्भ किए गए है। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के उप निदेशक श्री प्रफुल्ल चन्द्र चौबीसा ने बताया कि पालनहार योजना से लाभान्वित होने वाले छात्रों के लिए पालनहार आवासीय बालक छात्रावास रिजनल कॉलेज के आगे पुष्कर रोड पर स्थित सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग भवन में संचालित किया जा रहा है। इस योजना के अन्तर्गत अनाथ बालक, न्यायिक प्रक्रिया से मृत्यु दंड अथवा आजीवन कारावास प्राप्त माता-पिता, पुनर्विवाहित विधवा माता, नाता जाने वाली माता, कुष्ठ रोग से पीड़ित माता या पिता, एचआईवी एड्स पीड़ित माता या पिता, निराश्रित पेंशन प्राप्त पात्र विधवा माता, तलाकशुदा या परित्यक्ता महिला, विशेष योग्यजन माता या पिता अथवा सिलिकोसिस पीड़ित माता या पिता के बालक तथा विशेष श्रेणी में लाभान्वित बच्चे जिनको विभाग या राज्य सरकार द्वारा नियमों में शिथिलता प्राप्त हो, ऎसे बालकों को इस योजना की कुल 10 श्रेणियों के 15 वर्ष से 21 वर्ष की आयुवर्ग के बालकों को रखा जा रहा है। छात्रावास में 50 छात्रों को आवासीय प्रवेश मिलेगा । उन्होंनें बताया कि बालकों को रोजगारोन्मुखी व्यवसायिक एवं कौशल प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। राज्य सरकार या भारत सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय, महाविद्यालय, तकनीकी शैक्षणिक संस्थान में प्रवेशित तथा नियमित अध्यनरत अथवा प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्रों को प्रवेश दिया जाएगा। विश्वविद्यालय, महाविद्यालय, तकनीकी शैक्षणिक संस्थान द्वारा संबंधित कोर्स के लिए निर्धारित फीस का भुगतान मुख्यमंत्री हुनर विकास योजना से किया जाएगा। साथ ही बच्चों को निःशुल्क आवास, भोजन व अन्य सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं।

Author: admin

Comments (0)
Add Comment