मुकेश वैष्णव/दिव्यांग जगत/अजमेर
अजमेर अलवरगेट थाना अधिकारी सुनीता गुर्जर लाइन हाजिर
जुए की फड़ पर दबिश के बाद हुई कार्यवाही
7 लाख सहित 17 जुआरी पकड़े
अजमेर । अजमेर पुलिस कप्तान विकास कुमार शर्मा के निर्देशन पर रविवार देर रात IPS सुमित मेहरड़ा के नेतृत्व में क्रिश्चियन गंज थाना अधिकारी, मांगलियावास थानाधिकारी सहित कई पुलिस अधिकारी और जवानों के साथ अलवर गेट थाना क्षेत्र में चल रहे जुए की फड़ पर दबिश दी गई। पुलिस की ओर से मौके से करीब 7 लाख रुपए सट्टे की रकम बरामद की गई है। वहीं, पुलिस ने जुआरी धर्मेश उर्फ धर्मु गुर्जर सहित 17 लोगों को जुए पर दांव लगाते हुए गिरफ्तार किया है। खास बात यह है कि जिस थाना क्षेत्र में यह कार्रवाई की गई, उस थाना क्षेत्र की पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी।
इस कार्रवाई के बाद आज (सोमवार) दोपहर को अजमेर SP विकास शर्मा ने आदेश जारी कर अलवर गेट थाना प्रभारी सुनीता गुर्जर को थाने से हटाकर लाइन हाजिर कर दिया। लाइन हाजिर करने का कारण शिकायत बताया।
मामले की जांच रामगंज थाना प्रभारी सतेन्द्रसिंह नेगी को सौंपी गई है । नेगी ने बताया कि छक्का दाना से जुआ खेलते हुए 17 लोगो को गिरफ्तार किया। इनसे 6 लाख 73 हजार रुपए बरामद किए गए । मामले की जांच की जा रही है।