प्रशासन गांवों एवं शहरों के संग अभियान की सफल क्रियान्विति के संबंध में बैठक आयोजित
झालावाड़ 27 सितम्बर। प्रशासन गांवों एवं शहरों के संग अभियान 2021 की सफल क्रियान्विति के संबंध में जिला कलक्टर हरि मोहन मीना की अध्यक्षता, जिले के जनप्रतिनिधियों एवं विभिन्न राजनैतिक पार्टियों के अध्यक्षों की उपस्थिति में सोमवार को मिनी सचिवालय के सभागार में बैठक का आयोजन किया गया।
जिला कलक्टर ने बताया कि 2 अक्टूबर से प्रारंभ होने वाले प्रशासन गांवों के संग अभियान में राजस्व एवं उपनिवेशन विभाग, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी एवं भू-जल विभाग, कृषि विभाग, जनजाति क्षेत्रीय विकास, उर्जा, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, सैनिक कल्याण, महिला एवं बाल विकास, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य परिवार कल्याण, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, आयोजना, पशुपालन, श्रम, आयुर्वेद, शिक्षा, सार्वजनिक निर्माण, सहकारिता, राजस्थान को-ऑपरेटिव डेयरी फेडरेशन लिमिटेड, वन विभाग, जल संसाधन एवं सिंचित क्षेत्र विकास तथा परिवहन विभाग सहित 22 विभागों के शिविरों में कार्य सम्पादित किए जाएंगे।
जिला कलक्टर ने कैम्प की तिथि से 7 दिन पूर्व सभी आवश्यक तैयारियां करने के निर्देश सभी ंसंबंधित अधिकारियों को दिए हैं ताकि आमजन की अधिक से अधिक समस्याओं का निस्तारण इन शिविरों के माध्यम से किया जा सके।
इसके अतिरिक्त प्रशासन शहरों के संग अभियान 2 अक्टूबर से 31 मार्च, 2022 तक 6 माह तक आयोजित किया जाएगा। यह अभियान तीन चरणों में सम्पादित किया जाएगा। जिसमें प्रथम चरण में प्रारंभिक तैयारियों हेतु 15 से 30 सितम्बर तक नगरीय निकायों में शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। वहीं द्वितीय चरण में 2 अक्टूबर से 31 मार्च 2022 तक तथा तृतीय चरण में निकाय स्तर पर फोलोअप शिविर लगाए जाएंगे। जनता से आवेदन लेने के लिए निकायो की ओर से ऑफलाईन प्रार्थना पत्र लेने के लिए अलग से काउन्टर लगाया जाएगा। यदि कोई आवेदक चाहे तो ऑनलाईन आवेदन भी कर सकता है।
उन्होंने बताया कि यदि कोई नागरिक अपना आवेदन व ले आउट प्लान बनाने में सहायता लेना चाहे तो उसके लिए नगर मित्र की व्यवस्था की गई है, जो तकनीकी सहायता देंगे। यह सहायता पूर्णतः ऐच्छिक होगी। हैल्पलाइन नं. 18001806127 पर हैल्प डेस्क स्थापित किया गया है। शिविरों के दौरान आवासीय पीले रंग के, व्यवसायिक लाल रंग के, संस्थागत नीले रंग के तथा औद्योगिक बैंगनी रंग के पट्टे दिए जाएंगे।
बैठक में जिला प्रमुख प्रेम बाई दांगी, विधानसभा क्षेत्र खानपुर विधायक नरेन्द्र नागर, मनोहरथाना विधायक गोविन्द रानीपुरिया, डग विधायक कालूराम मेघवाल, जिला परिषद् के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्रीनिधि बी.टी., उपखण्ड अधिकारी झालावाड़ मुहम्मद जुनैद, उप वन संरक्षक संग्राम सिंह कटियार, पंचायत समिति झालरापाटन प्रधान भावना झाला, बकानी प्रधान मोतीलाल, खानपुर प्रधान शीला शर्मा, अकलेरा प्रधान टीना नामदेव, सुनेल प्रधान सीता कुमारी, भवानीमण्डी प्रधान सुल्तान सिंह, नगर परिषद् सभापति संजय शुक्ला, नगर पालिका झालरापाटन अध्यक्ष वर्षा जैन, नगर पालिका अकलेरा अध्यक्ष विजयलक्ष्मी, नगर पालिका पिड़ावा अध्यक्ष कौशल्या बाई, नगर पालिका भवानीमण्डी अध्यक्ष कैलाश बोहरा, भारतीय जनता पार्टी अध्यक्ष संजय जैन, इण्डियन नेशनल कांग्रेस पार्टी जिला अध्यक्ष कैलाश मीणा, कम्यूनिस्ट पार्टी के जिला अध्यक्ष बच्चूलाल मीणा, बहुजन समाज पार्टी के जिला अध्यक्ष राम स्वरूप बैरवा सहित जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।