एक परिवार के 5 लोगों समेत 6 की मौत:ट्रेलर से टकराई कार; रिश्तेदार के घर शोक व्यक्त करने गए थे
मुकेश वैष्णव/दिव्यांग जगत/अजमेर
अजमेर । गंगानगर के अनूपगढ़ में एक क्रूजर कार सामने चल रहे ट्रेलर से टकरा गई। हादसे में 4 महिलाओं समेत 6 लोगों की मौत हो गई। क्रूजर सवार किकरावाली (अनूपगढ़) से गांव 86 जी बी में अपने रिश्तेदार के घर शोक व्यक्त करने के लिए आए थे। शोक व्यक्त कर किकरावाली लौट रहे थे।
डीएसपी अमरजीत चावला ने बताया- दोपहर 2:50 बजे नेशनल हाईवे नंबर 911 पर गांव सलेमपुरा से 1 किलोमीटर पहले गांव 17 एसजेएम के पास ओवरटेक करते समय क्रूजर पीछे से ट्रेलर से टकरा गई। हादसे में एक परिवार के पांच सदस्यों की मौके पर ही मौत हो गई। क्रूजर ड्राइवर और एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को अनूपगढ़ के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। इलाज के दौरान ड्राइवर की भी मौत हो गई।
पुलिस ने 5 मृतकों के शव समेजाकोठी पीएसची की मॉर्च्युरी में रखवाए हैं। गंभीर घायल महिला को श्रीगंगानगर हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया। हादसे की सूचना मिलने पर एसडीएम अजीत कुमार गोदारा सहित अन्य अधिकारी मौके पहुंचे और मामले की जांच में जुट गए।