मुकेश वैष्णव/दिव्यांग जगत/अजमेर
अजमेर । अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत ब्यावर पुलिस ने दो संदिग्ध महिलाओं को डिटेन किया है। पुलिस के अनुसार दोनों महिलाओं के पास जांच के दौरान बांग्लादेशी नागरिकता से संबंधित दस्तावेज मिले हैं। पूछताछ के बाद दोनों को अजमेर स्थित अस्थायी होल्डिंग सेंटर भेजा गया।
पुलिस के अनुसार 22 अगस्त की रात पुलिस थाना साकेत नगर की टीम रात्रिकालीन गश्त पर थी। इसी दौरान फतेहपुरिया दोयम स्थित बिरधासिंह की चक्की के पास दो खानाबदोश महिलाओं पर पुलिस को संदेह हुआ। पूछताछ के दौरान उनकी भाषा और बातचीत संदिग्ध प्रतीत होने पर दोनों को डिटेन किया गया।
इसके बाद जिला विशेष शाखा, ब्यावर और सीआईडी यूनिट, ब्यावर की टीम ने संयुक्त रूप से महिलाओं से पूछताछ की तथा उनके दस्तावेजों की जांच की। जांच में दोनों के पास बांग्लादेशी नागरिकता से संबंधित दस्तावेज पाए गए। पुलिस ने दोनों की पहचान खुर्शीदा अख्तर और आशिया बेगम उर्फ पोपी बेगम के रूप में बताई है। जांच में दोनों के बांग्लादेशी नागरिक होने की पुष्टि होने के बाद उन्हें आगे की कार्रवाई के लिए अजमेर भेजा गया।
यह कार्रवाई महानिरीक्षक पुलिस अजमेर रेंज डॉ. रवि सभरवाल और जिला पुलिस अधीक्षक ब्यावर रतन सिंह के निर्देशानुसार तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. अनुकृति उज्जैनियां के निकटतम सुपरविजन में की गई। कार्रवाई का नेतृत्व साकेत नगर थानाधिकारी पुलिस निरीक्षक सुरजीत ठोलिया ने किया।