पार्षदों ने भादरा नगर पालिका क्षेत्र में फॉगिंग कराने की मांग का ज्ञापन सौंपा
-नियामत जमाला-
भादरा, 2 अक्टूबर / भादरा नगर पालिका के अनेक पार्षदों ने शनिवार को प्रशासन शहरों के संग अभियान के दौरान पालिका के अधिशाषी अधिकारी को ज्ञापन देकर बदलते मौसम में मच्छरों व मौसमी बीमारियों के बढने के कारण नगर पालिका क्षेत्र में तत्काल फॉगिंग कराने की मांग की है। पार्षद अदरीश अली भूवाण, बसारतअली नारीका, इमरान खान, लीलूराम तैनाण व लूणाराम ने ज्ञापन में कहा है कि बरसात के बाद बदलते मौसम में इन दिनों कस्बे में मच्छरों का प्रकोप निरन्तर बढता जा रहा है। जिससे मौसमी बीमारियों के अलावा डेंगू व मलेरिया के बढने व फैलने का खतरा भी बढ रहा हैं। राजस्थान के करीब आधा दर्जन नगरीय निकाय क्षेत्रों में इन दिनों डेंगू अपने पैर पसार चुका हैं। ज्ञापन में इन परिस्थितियों में भादरा नगर पालिका क्षेत्र में डेंगू, मलेरिया एवं मौसमी बीमारियों के बढ़ने से पहले तत्काल फॉगिंग कराने की मांग की गई है।