गांधी शास्त्री जयंती पर पालिका के सफाई मित्रों को किया सम्मानित
-नियामत जमाला-
भादरा, 2अक्टूबर / स्थानीय गांधी पार्क में शनिवार को गांधी-शास्त्री जंयती एवं 75वें आजादी के अमृत महोत्सव के अन्तर्गत नगर पालिका भादरा व पारिवारिक वानिकी पर्यावरण पाठशाला भादरा के संयुक्त तत्वावधान में सफाई मित्रों के लिए सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।समारोह में मुख्य अतिथि उपखण्ड अधिकारी शकुंतला पचार थी जबकि अध्यक्षता अधिशाषी अधिकारी गुरदीप सिंह ने की। कार्यक्रम में उपखण्ड अधिकारी शकुंतला पचार ने 7 वरिष्ठ सफाई मित्रों व 15 सराहनीय सेवा करने वाले सफाई मित्रों को नगर पालिका की ओर से प्रशस्ति पत्र तथा पर्यावरण पाठशाला की ओर से एक पौधा,शाल व टी-शर्ट प्रदान कर सम्मानित किया गया । कार्यक्रम में पारिवारिक वानिकी कार्यकर्ता स्टेट एडवाइजरी बोर्ड सदस्य साहित्यकार पवन शर्मा,प्रभारी अशोक सिंघल,विजय सिंह सांखला,देवानंद सर्राफ,रतन गोल्याण,विनोद शर्मा,गांधी दर्शन समिति के भंवर खान, पार्षद लीलूराम तैनाण,एसीबीईओ सागर मल,कनिष्ठ अभियंता मेघराज, सामुदायिक संगठक रविन्द्र प्रताप सांखला,डा.पवन शर्मा, बालकृष्ण शर्मा व अन्य नागिरक उपस्थित थे। कार्यक्रम की शुरुआत महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण की गई ।उपखण्ड अधिकारी शकुंतला पचार ने गांधी दर्शन की प्रासंगिकता पर अपनी बात रखते हुए कहा कि भारत के स्वच्छता अभियान की मुख्य रीढ़ हमारे सफाई कर्मचारी ही हैं।इनकी समर्पित सेवा भावना से प्रेरित हो कर नागरिक स्वच्छता अभियान में अपना योगदान देने लगे हैं। स्वच्छ व स्वस्थ समाज के लिए यह एक शुभ संकेत है। कार्यक्रम के बाद गांधी पार्क व कल्याण भूमि में अतिथियों,सफाई मित्रों व पारिवारिक वानिकी युवा कार्यकर्ताओं के द्वारा अंजीर, बेलपत्र व नीम के पौधे रोपित किए गए व साथ-साथ सफाई अभियान चलाया गया।