DESH KI AAWAJ

राजस्थान मेडिकल कॉलेज टीचर्स एसोसिएशन ने अजमेर के न्यूरोसर्जन के पिता व भाई के साथ न्यायालय परिसर में अधिवक्ताओं द्बारा की गई मारपीट व दुर्व्यवहार की करी कड़ी निन्दा

मुकेश वैष्णव/दिव्यांग जगत/अजमेर

अजमेर । राजस्थान मेडिकल कॉलेज टीचर्स एसोसिएशन (RMCTA), जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज, अजमेर ने न्यूरोसर्जन डॉ. सोनदेव बंसल के पिता एवं भाई के साथ न्यायालय परिसर में अधिवक्ताओं द्वारा की गई मारपीट एवं दुर्व्यवहार की घटना की कड़ी निंदा की है।
RMCTA के पदाधिकारियों ने कहा कि किसी भी प्रकार का विवाद हिंसा के माध्यम से सुलझाना न केवल कानून व्यवस्था के खिलाफ है, बल्कि यह सभ्य समाज के मूल्यों पर भी आघात है। एक चिकित्सक के परिवारजनों पर हमला अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण एवं निंदनीय है।
इस संबंध में RMCTA अजमेर ने प्राचार्य के माध्यम से चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की प्रमुख शासन सचिव श्रीमती गायत्री राठौड़ को ज्ञापन सौंपकर राज्य सरकार तक चिकित्सा समुदाय की आवाज पहुंचाने की मांग की। ज्ञापन में दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई तथा चिकित्सकों एवं उनके परिवारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की गई। इस अवसर पर RMCTA अजमेर के अध्यक्ष डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा, सचिव डॉ. महेंद्र खन्ना तथा कोषाध्यक्ष डॉ. गायत्री सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। संघ ने राजस्थान पुलिस प्रशासन, उच्च न्यायालय एवं बार काउंसिल से मांग की है कि दोषियों के विरुद्ध तत्काल सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं।
RMCTA अजमेर ने डॉ. सोनदेव बंसल एवं उनके परिवार के प्रति पूर्ण समर्थन एवं एकजुटता व्यक्त करते हुए कहा कि चिकित्सा समुदाय सदैव कानून एवं न्यायिक प्रक्रिया में विश्वास रखता है।

admin
Author: admin