DESH KI AAWAJ

आमजन में बढाएं रक्तदान की समझ, इससे लाखों लोगों का जीवन बचा- श्री देवनानी

आमजन में बढाएं रक्तदान की समझ, इससे लाखों लोगों का जीवन बचा- श्री देवनानी
विश्व रक्तदान दिवस पर जेएलएन में हुआ आयोजन

विधानसभा अध्यक्ष ने रक्तदाताओं और संस्थाओं को किया सम्मानित

मुकेश वैष्णव/दिव्यांग जगत/अजमेर

अजमेर । विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा कि रक्तदान और चिकित्सा सेवा का अनुपम उदाहरण है। यह सेवा कार्यों में श्रेष्ठ है। हमें आमजन में रक्तदान के प्रति समझ और जागरूकता बढ़ाने की जरूरत है। रक्तदान ने लाखों लोगों का जीवन बचाया है।
विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने शुक्रवार को जवाहर लाल नेहरू चिकित्सालय में विश्व रक्तदान दिवस पर रक्तदाताओं, संस्थाओं और भामाशाहों को सम्मानित किया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में देवनानी ने कहा कि रक्तदान महादान है। 18 वर्ष उम्र से अधिक के सभी स्वस्थ व्यस्कों को नियमित रूप से रक्तदान करना चाहिए। यह मनुष्य को कई स्वास्थ्य परेशानियों से भी बचाता है। चिकित्सक और स्वास्थ्य जगत से जुड़े लोग, एनजीओ, सरकार विभाग और अन्य संस्थाएं रक्तदान के प्रति समझ और जागरूकता बढ़ाने के लिए आगे आएं । उन्होंने कहा कि रक्तदान जागरूकता बढ़ाने के लिए अभियान चलाए जाने की आवश्यकता है। वर्तमान में रक्त आवश्यकताओं से काफी कम रक्त ब्लड बैंकों में उपलब्ध है। इसे बढ़ा कर शत-प्रतिशत व उससे अधिक करना होगा। थैलेसीमिया, हीमोफीलिया या रक्त से संबंधित अन्य विकारों के उपचार के लिए भी पर्याप्त मात्रा में रक्त की आवश्यकता है। यह स्थिति तभी बदलेगी जब प्रत्येक व्यक्ति रक्तदान के प्रति जागरूकता व सहज होगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार चिकित्सा व्यवस्था को सुधारने के लिए कृत संकल्प होकर काम कर रही है। अस्पतालों की स्थिति सुधारने के लिए निरतंर काम हो रहा है। प्रशासनिक अधिकारियों को भी अस्पतालों में जांच कर सुधार के लिए निर्देशित किया गया है। अजमेर में भी जेएलएन अस्पताल के सुधार में धन व संसाधनों की कमी नहीं आने दी जाएगी। अस्पताल प्रशासन प्रस्ताव बना कर दे, उसे पूरा करने का प्रयास किया जाएगा। अस्पताल में कई भवन बन कर तैयार हैं। इन्हें मरीजों के लिए जल्द शुरू किया जाए। जेएलएन को आदर्श रूप में विकसित किया जाएगा। इसके साथ ही अस्पताल पर दबाव कम करने के लिए सहायक अस्पतालों को विकसित किया जाएगा।
कार्यक्रम में देवनानी ने रक्तदान अभियान में सहयोगी बने व्यक्तियों, संस्थाओं और भामाशाहों को सम्मानित किया। इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. वी.बी. सिंह, अधीक्षक डॉ. अरविंद खरे और ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. जी.एस. मीणा सहित अन्य चिकित्सक व गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहें।

admin
Author: admin