DESH KI AAWAJ

राजगढ़ भैरव धाम पर नशामुक्ति जागरुकता अभियान में नशामुक्ति हेतू श्रृद्धालुओं ने ली शपथ

मुकेश वैष्णव/दिव्यांग जगत/अजमेर

अजमेर। नसीराबाद उपखण्ड के ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थल राजगढ मसाणिया भैरव धाम पर रविवारीय मेले में सर्वप्रथम राजगढ़ ग्राम पंचायत की नवनिर्वाचित सरपंच पूजा रावत ने धाम पर बाबा भैरव, माँ कालिका व मुख्य उपासक चम्पालाल महाराज से आशीर्वाद प्राप्त किया। मन्दिर कमेटी की ओर से सरपंच पूजा रावत का स्वागत किया गया। स्वागत समारोह में सुरेन्द सिंह, गणपत सिंह, भोला सिंह आदि भी उपस्थित रहे। रविवारीय मेले में नशामुक्ति जागरूकता अभियान के अंतर्गत रैली का आयोजन किया गया। रैली को मुख्य उपासक चम्पालाल महाराज व नवनिर्वाचित सरपंच पूजा रावत ने हरी झण्डी दिखाकर आरम्भ किया। रैली में श्रद्धालु नशामुक्ति के नारे लगा रहे थे। रैली में श्रद्धालु हाथों में नशामुक्ति के स्लोगन लिखी तख्तियाँ व बैनर थामे हुए थे। धाम के प्रवक्ता अविनाश सेन ने बताया कि चम्पालाल महाराज की प्रेरणा से रविवारीय मेले में धाम पर पिछले कई वर्षों से चलाये जा रहे नशामुक्ति महाअभियान में रविवार को देश-प्रदेश से आए हजारों श्रद्धालुओं ने नशे की लत को त्यागने के लिए नशामुक्ति का संकल्प लेते हुए जीवन में दोबारा नशा नहीं करने का प्रण किया। श्रद्धालुओं ने नशे का त्याग करके नशे की वस्तुओं को चम्पालाल महाराज की श्रीचरणों में छोड़ा।
रविवारीय मेले में धाम पर आये हुए सभी श्रद्वालुओ को शारदीय नवरात्रा के घटस्थापना से दशमी तक चली अखण्ड ज्योति की विशेष रामबाण औषधि रूपी विशेष चमत्कारी चिमटी का वितरण किया गया। सीकर जिले के बाल भजन गायक विरेन सेन जो कि जन्म से देख नहीं सकते व जिनके कण्ठ में साक्षात सरस्वती विराजती है, ने अपनी मधुर आवाज में शनिवार की रात्रि व रविवार की प्रातः को श्रद्धालुओं को मन्दिर परिसर में बाबा भैरव व माँ कालिका के भजनों को सुनाकर मंत्रमुग्ध कर नाचने को मजबूर कर दिया।
‘ घर परिवार को बचाना है तो नशा मुक्ति को अपनाना है ’ – चम्पालाल महाराज
चम्पालाल महाराज ने धाम पर उपस्थित श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए आशीर्वचन में कहा कि भैरव बाबा की कृपा से आज हम सब मिलकर इस पवित्र धाम से नशा मुक्ति का दीप जलाएं और समाज को एक नई दिशा की ओर ले जाएं। हम सब जब तक नशा नहीं छोड़ेगे तब तक शिक्षा से नहीं जुड़ पाएंगे। सुखद और उज्जवल भविष्य के लिए नशे का त्याग करना बहुत जरूरी है। शिक्षित समाज में नशे का कोई स्थान नहीं होना चाहिए। नशा विनाश का और शिक्षा विकास का कारण है। आज हम सब मिलकर इस पवित्र धाम से नशा मुक्ति का दीप जलाएं और समाज को एक नई दिशा की ओर ले जाएं।
रैली की व्यवस्था सम्भालने हेतु रमेश सेन, राहुल सेन, ताराचन्द सेन, कैलाश सेन, दिलीप राठी, अजय बुढानिया, सतीश सेन, सत्यनारायण, नवीन, शुभम् आदि मौजूद रहे।

admin
Author: admin