DESH KI AAWAJ

जल संसाधन केबीनेट मन्त्री ने दिव्यांग बच्चों संग मनाया जन्मदिन

मुकेश वैष्णव/दिव्यांग जगत/अजमेर

अजमेर। राजस्थान सरकार के जल संसाधन विभाग के केबिनेट मंत्री सुरेश सिंह रावत ने बुधवार को अपना जन्मदिन मीनू स्कूल, चाचियावास अजमेर में दिव्यांग बच्चों के साथ सादगी एवं सेवा भावना के साथ मनाया। इस अवसर पर उन्होंने विद्यालय में अध्ययनरत बच्चों की सुविधा के लिए 11 कूलर भेंट किए।
कार्यक्रम में मंत्री श्री रावत का स्वागत दिव्यांग बच्चों द्वारा पारंपरिक रूप से रोली, मौली एवं कुमकुम तिलक लगाकर किया गया। विद्यालय की वोकेशनल कक्षा के विद्यार्थियों ने अपने हाथों से तैयार किया गया जन्मदिन कार्ड एवं आकर्षक फोटो फ्रेम भेंट कर उन्हें शुभकामनाएं दीं।
संस्था के संयुक्त निदेशक अनुराग सक्सेना ने बताया कि भीषण गर्मी को देखते हुए बच्चों के लिए कूलर उपलब्ध करवाना एक संवेदनशील एवं सराहनीय पहल है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री श्री रावत ने कहा कि दिव्यांगजन समाज की विशेष शक्ति हैं और उनकी शिक्षा, प्रशिक्षण एवं आत्मनिर्भरता के लिए समाज को संवेदनशील होकर सहयोग करना चाहिए। उन्होंने बच्चों से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया और उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर संस्था परिवार द्वारा मंत्री जी का साफा पहनाकर सम्मान किया गया। कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष जीतमल प्रजापत, जिला उपाध्यक्ष अमित भंसाली, पुष्कर नगर पालिका के निवर्तमान चेयरमैन कमल पाठक, अर्जुन रावत सहित अनेक जनप्रतिनिधि, समाजसेवी एवं अभिभावक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन ईश्वर शर्मा द्वारा किया गया।

admin
Author: admin