बिजली आंदोलन के अगुआ कार्यकर्ता की गिरफ्तारी का हुआ जोरदार विरोध
बिजली आंदोलन के अगुआ कार्यकर्ता की गिरफ्तारी का हुआ जोरदार विरोध
गोगामेड़ी पुलिस थाना पर प्रदर्शन कर सौंपा ज्ञापन
-नियामत जमाला-
भादरा, 19 नवंबर / बिजली बिलों में मनमानी वसूली के खिलाफ 2 साल से जारी आंदोलन के सक्रिय कार्यकर्ता रमेश नेठराना की बिजली आंदोलन से जुड़े एक प्रकरण में गोगामेड़ी पुलिस द्वारा की गई गिरफ्तारी के खिलाफ इलाके के बिजली उपभोक्ताओं व आम जन ने शुक्रवार को तीखा विरोध दर्ज कराया व पुलिस अधीक्षक के नाम आंदोलन कर्ताओं पर दर्ज झूठे मुकदमे वापस लेने की मांग करते हुए गोगामेड़ी पुलिस थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान बिजली उपभोक्ता संघर्ष समिति की अगुवाई में गोगामेड़ी पुलिस थाने के सामने सेंकड़ों ग्रामीणों ने घेराव व प्रदर्शन कर सरकार व बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी की व विरोध प्रदर्शन किया। संघर्ष समिति की ओर से कहा गया कि बिजली विभाग झूठे मुकदमे लगा कर आंदोलनकारियों को गिरफ्तार कर जनता की आवाज को दबाना चाहता है जो कि सरासर ग़लत है। इसको सहन नहीं किया जाएगा एवं पुरजोर विरोध करेंगे। विदित रहे कि बिजली उपभोक्ता संघर्ष समिति का पिछले दो साल से बिजली के मुद्दे पर आंदोलन जारी है। जिसकी प्रमुख मांगे कोरोना काल के सभी उपभोक्ताओं के बकाया बिजली के बिल माफ किए जाने व काटे गए कनैक्शनों को तुरन्त जोड़ा जाने, स्थाई शुल्क व तरह तरह के टैक्स के नाम पर जारी लूट बंद की जाने, प्रत्येक परिवार को 200 यूनिट बिजली मुफ्त दी जाने , घटिया और तेज चलने वाले बिजली मीटर बदले जाने , बिजली विभाग के निजीकरण पर रोक लगाई जाने तथा बिजली अधिनियम 2020 खारिज किया जाने की है। बिजली उपभोक्ता समिति ने कार्यकर्ता की रिहाई नहीं होने पर आगे भी जोरदार विरोध प्रदर्शन करने की योजना बनाई है। विदित रहे कि गोगामेड़ी पुलिस ने बिजली उपभोक्ता संघर्ष समिति के कार्यकर्ता रमेश की इसी वर्ष मार्च में बिजली विभाग के सहायक अभियंता ईश्वरसिंह द्वारा दर्ज कराए गए एक प्रकरण में गिरफ्तारी है। जिसमें रमेश सहित अन्य पर गांव नेठराना में बिजली कनैक्शन काटने गए बिजली कर्मचारियों के सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप है।
फोटो_विरोध प्रदर्शन के दौरान ज्ञापन सौंपते बिजली उपभोक्ता संघर्ष समिति के ग्रामीणकार्यकर्ता

