दूल्हे ने लौटाई पांच लाख रुपये की रकम,बना चर्चा का विषय
दूल्हे ने लौटाई पांच लाख रुपए की रकम, कहा खुद की मेहनत पर है विश्वास
जयपुर। राजस्थान में अब युवा दहेज जैसी सामाजिक बुराई के खिलाफ खड़े होने लगे हैं। पिछले कुछ समय में राजस्थान के विभिन्न इलाकों से ऐसी कई खबरें सामने आई हैं जब दूल्हा और दुल्हन ने दहेज प्रथा के खिलाफ अपनी बुलंद आवाज उठाई है। ऐसा ही एक और उदाहरण सामने आया है राजधानी जयपुर से जहां चूरू के मलसीसर जिले के निवासी दूल्हे ने वधू पक्ष की ओर से शादी में 5 लाख 51 हजार रुपए लेने से इंकार कर दिया और एक अनूठा उदाहरण पेश किया है। इसके बाद से यह शादी चर्चा का विषय बनी हुई है और दूल्हे का यह वीडियो भी सोशल मीडिया पर छाया हुआ है। जानकारी के अनुसार चूरू जिले के मलसीसर निवासी प्रताप सिंह चौहान के बेटे महेंद्र सिंह चौहान का विवाह जयपुर में नाड़ी का फाटक निवासी मदन सिंह शेखावत की पुत्री सीमा कंवर के साथ तय हुआ था। एक दिन पूर्व हुए उनके विवाह समारोह में जब वधू पक्ष की ओर से दूल्हे को 5 लाख 51 हजार रुपए भेंट किए गए तो दूल्हे महेंद्र सिंह ने दहेज रूपी इस भेंट को लेने से मना कर दिया, उन्होंने इन रुपयों के हाथ भी नहीं लगाया। दूल्हे ने कहा कि वह इस बुराई को अपनाना नहीं चाहता दूल्हे ने आदर के साथ ये कहते हुए रुपए नहीं लिए कि वह इस बुराई को नहीं अपनाना चाहता है।वह खुद मेहनत कर कमाने में विश्वास करता है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि वह अपने हाथों का पवित्र रखना चाहता है लिहाजा वह इस रकम को हाथ भी नहीं लगाएगा। वह अपनी मेहनत पर विश्वास करता है, बेहतर है कि समाज के अन्य लोग भी नई पहल करें। समाज सुधार की दिशा में उठाया गया बड़ा कदम दूल्हे और उसके परिजनों को भावनाएं देखकर वधू पक्ष के लोग भी भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि समाज की पुरानी भूलों को नई पीढ़ी सुधारने का प्रायस कर रही है इससे बड़ी बात कोई हो नहीं सकती। दूल्हे और उनके पिता ने यह पैसे लेने से इनकार कर समाज में एक मिसाल पेश की है। उन्होंने उम्मीद जताई कि अन्य लोग भी दूल्हे और उसके पिता से प्रेरणा लेकर समाज सुधार की दिशा में बड़ा कदम उठाएंगे।

