DESH KI AAWAJ

पिता बोले -बेटी को बच्चा नही होने से किया जा रहा था प्रताडित, डिवोर्स मांगने पर मांगे 5 लाख रुपये

अजमेर मे 33 साल की विवाहिता ने किया सुसाइड

पिता बोले -बेटी को बच्चा नही होने से किया जा रहा था प्रताडित, डिवोर्स मांगने पर मांगे 5 लाख रुपये

मुकेश वैष्णव/दिव्यांग जगत/अजमेर

अजमेर । अजमेर के दौराई क्षेत्र में 33 वर्षीय विवाहिता ने पति की मौजूदगी में अपनी ओढ़नी से फांसी लगाकर सुसाइड कर लिया। विवाहिता के पिता ने ससुराल पक्ष पर शादी के बाद से बच्चा नहीं होने और मारपीट कर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। रामगंज थाना पुलिस ने गुरुवार को मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम की कार्रवाई कर शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया है। पिता की रिपोर्ट पर रामगंज थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी है। रामगंज थाने के एएसआई मनीराम ने बताया कि बुधवार को दौराई क्षेत्र में रहने वाली अंजू देवी (33) पत्नी प्रदीप कलवानिया ने अपने कमरे में पति की मौजूदगी में खुद की ओढ़नी से पंखे पर फांसी का फंदा बनाकर सुसाइड कर लिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और देखा तो पति कमरे से बाहर था और बॉडी को परिवार वालों ने फंदे से उतार दिया था। जिसे तुरंत जेएलएन हॉस्पिटल ले जाया गया । जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बॉडी को हॉस्पिटल की मोर्चरी में रखवाया और मृतक महिला के पीहर पक्ष को इसकी सूचना दी गई।


गुरुवार को पीहर पक्ष के लोग मोर्चरी में पहुंचे और मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम की कार्रवाई कर शव परिजनों को सुपुर्द किया गया। मृतका अंजू देवी के पास से किसी तरह का सुसाइड नोट नहीं मिला है। पिता की शिकायत पर मामले की जांच की जा रही है।
पिता ने ससुराल पर लगाए प्रताड़ित करने के आरोप
सराधना निवासी मृतक अंजू देवी के पिता शिवकरण ने बताया कि बेटी के 2009 में प्रदीप से शादी हुई थी। करीब 7 सालों से बच्चा नहीं होने के कारण ससुर जगदीश, सास शोभा और पति प्रदीप के द्वारा उसे प्रताड़ित किया जा रहा था। साथ ही शराब के नशे में अंजू का पति प्रदीप उसके साथ मारपीट भी करता था। कई बार अंजू घर भी लौट आई थी। लेकिन समाज के बीच समझाइश और बातचीत होने के बाद बेटी को वापस ससुराल भेज दिया था। लेकिन इसके बावजूद भी उसे प्रताड़ित किया जा रहा था। पिता ने रामगंज थाना पुलिस से मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है।
डिवोर्स देने के लिए मांगे 5 लाख रुपए
मृतक अंजू के पिता ने आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष के द्वारा बार-बार बेटी को प्रताड़ित किया जा रहा था। जिसके बाद उन्होंने बेटी के ससुर जगदीश से डिवोर्स देने के लिए कहां था। पिता का आरोप है कि डिवोर्स मांगने पर उसके ससुर जगदीश के द्वारा 5 लाख रुपए की डिमांड की गई। जिसके बाद उन्होंने उनकी डिमांड को पूरा नहीं किया। आखिर में प्रताड़ित होकर उनकी बेटी ने सुसाइड कर लिया।
ससुर बोले- बेटे और बहू में शराब को लेकर होती थी लड़ाई
मृतक अंजू के ससुर जगदीश ने पीहर पक्ष द्वारा लगाए गए आरोपों को झूठा बताया है। उन्होंने कहा कि शादी के बाद से बहू को बच्चा नहीं हो रहा था। इसके लिए बेटे और बहू का इलाज भी उनके द्वारा करवाया जा रहा था। परिवार के द्वारा किसी ने बहु को प्रताड़ित नहीं किया। ससुर ने कहा कि बेटे और बहू में आए दिन शराब को लेकर झगड़ा होता था। बहु प्रदीप से शराब छोड़ देने के लिए कहती थी जिसके बाद दोनों के बीच झगड़ा होता था। झगड़ा बढ़ने के कारण कई बार बहू पीहर चली गई थी।

admin
Author: admin