DESH KI AAWAJ

गंगा वाया नदी पर बना दादुपुर पुल की हालत जर्जर

गंगा वाया नदी पर बना दादुपुर पुल की हालत जर्जर

बरौनी-बेगूसराय/संवाददाता : गंगा वाया नदी में इस साल आई बाढ़ के बाद दादुपुर पुल की हालत और अधिक खतरनाक हो गई है। बाढ़ का पानी पुल के दोनों एप्रोच पथ के नीचे की मिट्टी को अपने साथ बहा ले गया है। वाहनों के गुजरने के दौरान एप्रोच पथ धसने का खतरा मंडरा रहा है। पुल के समीप कई जगह पहुंच पथ में दरार भी फट चुकी है। स्थानीय ग्रामीण रंजीत प्रसाद यादव, अतुल कुमार, मधुसूदन राय, अशोक यादव, अरविंद पोद्दार, अतुल कुमार, कुश कुमार, भोला कुमार, दीपक कुमार आदि ने बताया कि पुल के दक्षिणी छोर के पहुंच पथ के नीचे की मिट्टी बह जाने से कभी भी अप्रिय घटना घट सकती है। इस पुल होकर चमथा दियारा के सभी पांच पंचायतो के साठ हजार आबादी का प्रखंड व जिला मुख्यालय आना जाना लगा रहता है। इस पुल होकर प्रत्येक दिन दर्जनों मालवाहक व सवारी गाड़ियों की बेरोकटोक आवाजाही होती रहती है। भारी गाड़ियों की आवाजाही होने पर संपूर्ण पुल में कंपन होने सेऐसा प्रतीत होता है कि ,पुल कब जमीनदोज हो जाएगा। पुल पर जगह-जगह पड़े दरार हादसे को आमंत्रित कर रही है। ग्रामीणों ने बताया कि समसीपुर, रानी टोल, लोदियाही समेत विभिन्न गांवों के लोगों का प्रखंड व जिला मुख्यालय से आवाजाही का सुलभ रास्ता यही है। समय रहते नहीं चेता गया तो इस इलाके के लोगों के लिए भारी समस्या उत्पन्न हो सकती है। ग्रामीणों ने बताया कि दादुपुर घाट पर बलिया लोकसभा क्षेत्र के तत्कालीन सांसद रामजीवन सिंह अपने कार्यकाल में ऐच्छिक कोष से पुल निर्माण कराया था। यह पुल अपने उद्घाटन काल के कुछ ही वर्षों बाद जर्जर स्थिति में पहुंच गई है । तत्पश्चात बाढ़ के समय में पुल पर आवाजाही की समस्या उत्पन्न होने पर स्थानीय प्रशासन व ग्रामीण कार्य विभाग के अधिकारियों के द्वारा दियारा वासियों की आवाजाही के लिए बांस बल्ले गार कर किसी तरह आवाजाही की व्यवस्था तो कर दी जाती है। परंतु इस समस्या के स्थाई हल के लिए किसी जनप्रतिनिधि अथवा अधिकारियों ने सुध लेना मुनासिब नहीं समझा है। ग्रामीणों ने बताया कि राज्य सरकार के नाबार्ड योजना से दादुपूर घाट पर चार वर्ष पूर्व नए पुल निर्माण की स्वीकृति भी प्रदान की गई थी। परंतु विभागीय उदासीनता के कारण पुल निर्माण कार्य को ठंडे बस्ते में डालकर छोड़ दिया गया है। इस बीच विभागीय अधिकारी भी समय-समय पर दादुपुर घाट पहुंचकर स्थल निरीक्षण कर स्थानीय लोगों को आश्वासन की घूंट पिला- पिला कर चले जाते हैं। ऐसी परिस्थिति में ग्रामीण अपने को ठगा सा महसूस करते हैं। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से पुल की सुरक्षा के लिये भारी गाड़ी के आवाजाही को बंद करने, एवं पुल की सुरक्षा के सभी आवश्यक कदम उठाने ,एवं पूर्व से स्वीकृत नए पुल निर्माण को शुरू किए जाने की मांग की है । इस संबंध में अंचल अधिकारी नेहा कुमारी ने बताया कि पुल के पहुंच पथ की जर्जरता को गंभीरता से लेते हुए तत्काल पुल पर भारी वाहन के प्रवेश पर रोक लगाने को लेकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

admin
Author: admin