DESH KI AAWAJ

भारत विकास परिषद शाखा केकड़ी का दायित्व ग्रहण समारोह हुआ सम्पन्न, नवीन कार्यकारिणी ने ली शपथ

मुकेश वैष्णव/दिव्यांग जगत/अजमेर

अजमेर । भारत विकास परिषद शाखा केकड़ी के वर्ष 2026-27 के नवीन दायित्वधारियों एवं प्रकल्प प्रभारियों का दायित्व ग्रहण समारोह मंगलवार को वातावरण में सम्पन्न हुआ। समारोह में परिषद पदाधिकारियों, सदस्यों एवं मातृशक्ति महिला मंडल की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि केकड़ी शहर थाना अधिकारी अनिल कुमार शर्मा, प्रांतीय संयुक्त महासचिव डॉ सुरेश चंद्र गाबा, अजमेर जिला समन्वयक अमित चौकड़ीवाल , प्रांतीय रक्तदान प्रभारी एवं केकड़ी शाखा प्रभारी देवराज सूरतानियां तथा शाखा अध्यक्ष बहादुर सिंह शक्तावत द्वारा भारत माता एवं स्वामी विवेकानंद के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन कर किया गया। इसके पश्चात सामूहिक रूप से राष्ट्रीय गीत वन्देमातरम गीत गाया गया।
प्रांतीय संयुक्त महासचिव डॉ गाबा ने दायित्व ग्रहण समारोह में नवीन कार्यकारिणी पर अध्यक्ष पद पर बहादुर सिंह शक्तावत , सचिव पद पर रामनिवास जैन तथा कोषाध्यक्ष पद पर हीरालाल सामरिया को गोपनीयता एवं दायित्व की शपथ दिलाई गई। वहीं जिला समन्वयक अमित चौकड़ीवाल ने गतिविधि संयोजक के अंतर्गत पर्यावरण प्रकल्प संयोजक में रामगोपाल सैनी, संपर्क प्रकल्प संयोजक रामधन प्रजापत , सेवा प्रकल्प संयोजक नंदलाल गर्ग , संस्कार प्रकल्प संयोजक आभा बैली एवं महिला सहभागिता संयोजक अंजू विजय को एवं शेष सभी प्रकल्प प्रभारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों को शाखा प्रभारी देवराज सुरतानिया ने सेवा, समर्पण एवं संगठन की गरिमा बनाए रखने की शपथ दिलाई।
मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित शहर थाना अधिकारी अनिल कुमार शर्मा ने कहा कि सामाजिक एवं सेवा कार्यों में परिषद की भूमिका सराहनीय है तथा किसी भी प्रकार की आवश्यकता होने पर शहर पुलिस सदैव संगठन के साथ खड़ी रहेगी।
संयुक्त महासचिव सुरेश चंद्र गाबा ने अपने उद्बोधन में कहा कि केकड़ी शाखा निरंतर सेवा कार्यों के माध्यम से अपनी अलग पहचान बना रही है। उन्होंने सभी सदस्यों से संगठन की भावना के अनुरूप समाजहित में कार्य करने का आह्वान किया।
प्रांतीय रक्तदान प्रभारी देवराज सुरतानिया ने रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए समय-समय पर रक्तदान शिविर आयोजित करने की आवश्यकता बताई। शाखा अध्यक्ष बहादुर सिंह शेखावत ने नवीन सत्र में संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का संकल्प व्यक्त किया। सचिव रामनिवास जैन ने गत वर्ष का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया एवं नवीन सत्र में लक्ष्य आधारित एवं संगठित कार्यप्रणाली अपनाने का आह्वान किया।
मातृशक्ति महिला मंडल की ओर से अंजू विजय ने महिला संयोजिका का दायित्व ग्रहण करते हुए महिला संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का विश्वास दिलाया। दायित्व ग्रहण समारोह में परिषद के विकास रत्न गोपाल लाल वर्मा , राजस्थान मध्य प्रांत के प्रांतीय कार्यकारणी सदस्य कैलाश चन्द जैन एवं प्रांतीय मीडिया प्रभारी दिनेश वैष्णव सहित परिषद के पदाधिकारी , वरिष्ठ सदस्य , सदस्य एवं बड़ी संख्या में मातृशक्ति महिला मंडल की सहभागिता रही।
कार्यक्रम का प्रभावशाली संचालन रामधन प्रजापत ने किया। अंत में शाखा के प्रांतीय कार्यकारणीय करणीय सदस्य सर्वेश विजय ने सभी अतिथियों एवं सदस्यों का आभार व्यक्त किया। राष्ट्रीय गान के साथ समारोह का समापन हुआ।

admin
Author: admin