अनुसूचित जाति वर्ग को दें योजनाओं का लाभ- श्री पारधी
मुकेश वैष्णव/दिव्यांग जगत/अजमेर
अनुसूचित जाति वर्ग को दें योजनाओं का लाभ- श्री पारधी
अजमेर । राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग के सदस्य श्री सुभाष पारधी ने जिले में अनुसूचित जाति वर्ग के व्यक्तियों को योजनाओं से लाभन्वित करने के लिए कहा। वे अजमेर प्रवास के दौरान अधिकारियों से चर्चा कर रहे थे। जिला कलक्टर श्री प्रकाश राजपुरोहित तथा पुलिस अधीक्षक श्री विकास शर्मा ने जिले में अनुसूचित जाति वर्ग के बारे में जानकारी प्रदान की।
भारत सरकार के राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग के सदस्य श्री सुभाष पारधी ने शुक्रवार को अजमेर प्रवास के दौरान सर्किट हाऊस में जिले में अनुसूचित जाति वर्ग के लिए संचालित योजनाओं के बारे में जिले के अधिकारियों से चर्चा की। वर्ग के व्यक्तियों को केन्द्र एवं राजस्थान सरकार की योजनाओं से लाभान्वित करने के निर्देश दिए। अनुसूचित जाति अत्याचार निवारण अधिनियम के माध्यम से पीड़ितों को प्रतिकर राशि तत्काल प्रभाव से उपलब्ध करवाई जानी चाहिए। सरकार मुद्रा योजना के द्वारा युवाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रयासरत है। अनुसूचित जाति वर्ग के युवाओं को भी इस योजना में पर्याप्त प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए।
उन्होंने कहा कि स्टैण्ड अप योजना के द्वारा बैंक की प्रत्येक शाखा को वंचित वर्ग के लिए ऋण उपलब्ध करवाना अनिवार्य है। जिले की बैंकों को इस दिशा में संवेदनशीलता के साथ कार्य करना चाहिए। जिले में डॉ. बाबा साहेब अम्बेडकर फाउण्डेशन के माध्यम से भी कार्य किए जाने की आवश्यकता है। समाज को नई दिशा देने वाले व्यक्तियों के विचारों को आगे बढाने के लिए स्मारक आदि बनाए जाने चाहिए। समाज के लिए उपयोगी विभिन्न भवनों का निर्माण भी फाउण्डेशन के माध्यम से करवाया जा सकता है। इसके लिए जिला कलक्टर के माध्यम से तत्काल प्रस्ताव भिजवाए जाएं।
श्री पारधी ने राज्य सरकार की पालनहार योजना तथा कन्यादान योजना के माध्यम से किए जाने वाले कार्यों की सराहना की। विभिन्न श्रेणियों के अनाथ बच्चों तथा पात्र बालिकाओं के विवाह में आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाना राज्य सरकार की अनूठी योजनाएं है। इन योजनाओं का अनुसरण करके अन्य राज्यों एवं केन्द्र सरकार को भी नई योजनाएं आरम्भ कर इस वर्ग के व्यक्तियों को लाभान्वित करने की आवश्यकता बताई। इसी प्रकार अनुसूचित जाति अत्याचार निवारण अधिनियम की प्रतिकर राशि का भुगतान भी सीसीटीएनएस से लिंक करने से हुई सुविधा की भी सराहना की।
शनिवार को रहेंगे सर्किट हाऊस में उपलब्ध
राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग के सदस्य श्री सुभाष पारधी शनिवार को जिले के आयोग से संबंधित अनुसूचित जाति के मामलों के लिए प्रातः 10 से 11 बजे तक सर्किट हाऊस में उपलब्ध रहेंगे।

