नसीराबाद के रोटरी चौराहे से शहीद स्मारक तक अंहिसा मार्च एवं शहीद स्मारक पर प्रार्थना एवं श्रद्धांजलि सभा का हुआ आयोजन
नसीराबाद के रोटरी चौराहे से शहीद स्मारक तक अंहिसा मार्च एवं शहीद स्मारक पर प्रार्थना एवं श्रद्धांजलि सभा का हुआ आयोजन
मुकेश वैष्णव/दिव्यांग जगत/अजमेर
अजमेर । देश की स्वतंत्रता के लिये अपने प्राणों की आहूति देने वाले वीर शहीदों की याद में गुरुवार को नसीराबाद मे रोटरी चौराहे से शहीद स्मारक पर अंहिसा मार्च एवं शहीद स्मारक पर प्रार्थना एवं श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सर्वप्रथम अंशुल आमेरिया, उपखण्ड अधिकारी नसीराबाद एवं अनिता मित्तल, अध्यक्ष नगरपालिका नसीराबाद द्वारा विद्यालयी छात्र छात्राओं की रैली को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया गया। तत्पश्चात् कार्यक्रम स्थल शहीद स्मारक पर उपखण्ड अधिकारी अंशुल आमेरिया, अध्यक्ष अनिता मित्तल, पुलिस उपाधीक्षक पूनम भरगड़ द्वारा शहीद भगतसिंह, सुखदेव, राजगुरु एवं महात्मा गांधी की तस्वीर पर माल्यार्पण किया गया। तत्पश्चात् शहर के प्रबुद्धजन, शिक्षकगण, पत्रकारगण, राजकीय लोकसेवकों एवं छात्र छात्राओं द्वारा महापुरुषों को पुष्पांजलि अर्पित की गयी। इसी कड़ी में देश के वीर शहीदों के स्मरण हेतु दो मिनिट का मौन रखा जाकर रामधुनी का श्रवण किया गया।
इसी कड़ी में अंशुल आमेरिया, उपखण्ड अधिकारी नसीराबाद द्वारा सम्बोधन के दौरान सर्वप्रथम शहीदों को नमन करते हुए उनके बलिदान को अविस्मरणीय बताया गया। इन्हीं वीर शहीदों के बलिदान की वजह से आज हम स्वतंत्र भारत में खुली श्वास ले पा रहे है। देश की स्वतंत्रता के लिये सभी ने अपने अपने स्तर पर प्रयास किये, किन्तु शहीद भगतसिंह और उनके साथियों के लिये ‘‘मेरी दुल्हन तो भारतमाता की आजादी है‘‘, यही प्रेरणा रही। उन्होनें कार्यक्रम में उपस्थित छात्र छात्राओं से शहीद स्वतंत्रता सैनानियों की जीवन गाथा से प्रेरणा लेने की बात कही।
कार्यक्रम का मंच संचालन महात्मा गांधी रा.उ.प्रा.वि. से कमलेश गुर्जर ने किया। कार्यक्रम के दौरान नायब तहसीलदार रामरतन रैगर, रा.उ.मा.वि. व्यापारिक विद्यालय प्रधानाचार्य युसुफ अली खान, नपा. वरिष्ठ सहायक राम अवतार वर्मा, अधिशासी अधिकारी भगवत सिह परमार नगरपालिका , कार्यवाहक जमादार ध्यानदास, नवीन रियाड़, हरिराम सैनी, आकाश घुस्सर, उपदेश शर्मा, पूजा गुर्जर, अक्षय सोनी, मनीष मीना, सुभाषचन्द माली, सतवीर माली एवं आमजन इत्यादि उपस्थित रहें।


