DESH KI AAWAJ

नसीराबाद छावनी परिषद ने नगर को स्वच्छ व सुन्दर बनाने हेतु चलाया विशेष रात्रि सफाई अभियान

मुकेश वैष्णव/दिव्यांग जगत/अजमेर

अजमेर। नसीराबाद छावनी परिषद द्वारा 15 मई को संपूर्ण नसीराबाद छावनी क्षेत्र में रात्रि 10 बजे से प्रातः 5 बजे तक विशेष रात्रि सफाई अभियान संचालित किया गया। यह अभियान छावनी परिषद के मुख्य अधिशासी अधिकारी मोहम्मद साकिब आलम के निर्देशन में आयोजित किया गया। विशेष रात्रि सफाई अभियान प्रथम परीक्षण (ट्रायल) के रूप में संचालित किया गया।
रात्रिकालीन समय में यातायात, बाजार गतिविधियों एवं आमजन की आवाजाही अपेक्षाकृत कम रहने से सफाई कार्य अधिक व्यवस्थित, गहन एवं प्रभावी रूप से संपादित किया जा सकता है। दिन के समय यातायात एवं भीड़भाड़ के कारण जिन क्षेत्रों में विस्तृत सफाई कार्य करना कठिन होता है, वहां रात्रि के दौरान बिना बाधा के मशीनों एवं संसाधनों का बेहतर उपयोग संभव हो पाता है। इसी उद्देश्य से शुक्रवार रात्रि को यह विशेष अभियान संचालित किया गया, ताकि आगामी शनिवार एवं रविवार के अवकाश के दौरान नागरिकों, व्यापारियों एवं आगंतुकों को अधिक स्वच्छ, सुंदर एवं सुव्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके। भविष्य में इस प्रकार के विशेष रात्रि सफाई अभियानों को और अधिक प्रभावी एवं व्यवस्थित रूप से संचालित किए जाने की प्रक्रिया प्रचलनाधीन है।
अभियान के अंतर्गत गांधी चौक से अस्पताल मार्ग तक मुख्य बाजार क्षेत्र एवं मुख्य सड़कों से जुड़ी सभी संपर्क सड़कों की व्यापक सफाई करवाई गई, ताकि प्रातःकाल व्यापारियों एवं आमजन को स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित नसीराबाद का वातावरण उपलब्ध हो सके। सफाई कर्मचारियों द्वारा झाड़ू लगाकर मार्गों की सफाई की गई तथा कचरा वाहनों के माध्यम से कचरे का संग्रहण एवं वैज्ञानिक निस्तारण किया गया। साथ ही संपूर्ण बाजार क्षेत्र में फॉगिंग मशीन के माध्यम से फॉगिंग करवाई गई। रात्रिकालीन समय में फॉगिंग करवाना अधिक प्रभावी माना जाता है, क्योंकि इस दौरान मच्छरों की सक्रियता बढ़ जाती है तथा यातायात एवं जन-आवागमन अपेक्षाकृत कम होने से फॉगिंग का धुआँ अधिक समय तक प्रभावित क्षेत्र में बना रहता है। इससे मच्छर नियंत्रण कार्य अधिक प्रभावी ढंग से संपादित किया जा सकता है तथा आमजन को स्वच्छ एवं स्वास्थ्यकर वातावरण उपलब्ध कराने में सहायता मिलती है। इसके अतिरिक्त गांधी चौक से जाट मोहल्ला तक स्थित नालों की सफाई जेसीबी एवं डम्पर की सहायता से करवाई गई। छावनी क्षेत्र में बने सभी कचरा डम्पों की भी जेसीबी एवं जेटिंग मशीन की सहायता से विशेष सफाई एवं धुलाई करवाई गई।
विशेष अभियान के दौरान मुख्य अधिशासी अधिकारी मोहम्मद साकिब आलम द्वारा रात्रि में स्वयं क्षेत्र का निरीक्षण करते हुए फुट मार्च भी किया गया तथा संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। इस विशेष अभियान में आशीष शर्मा, रवि प्रकाश, छोटे लाल (सफाई निरीक्षक), संबंधित वार्डों के जमादारों एवं समस्त सफाई कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। छावनी परिषद नसीराबाद समस्त नागरिकों से आग्रह करती है कि छावनी क्षेत्र को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में अपना सहयोग प्रदान करें। कचरे को सड़क अथवा सार्वजनिक स्थानों पर न फेंके तथा निर्धारित कचरा वाहनों में ही कचरा डालें, जिससे स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बनाए रखा जा सके।
छावनी परिषद नसीराबाद नागरिकों को स्वच्छ एवं स्वास्थ्यकर वातावरण उपलब्ध कराने हेतु निरंतर प्रतिबद्ध है।

admin
Author: admin