DESH KI AAWAJ

नकली सोने से लोन लेने वाले सास-दामाद गिरफ्तार:बैंक से 21 लाख लिए थे, आरोपियों के खिलाफ कई थानों में दर्ज हैं मुकदमे

नकली सोने से लोन लेने वाले सास-दामाद गिरफ्तार:बैंक से 21 लाख लिए थे, आरोपियों के खिलाफ कई थानों में दर्ज हैं मुकदमे

मुकेश वैष्णव/दिव्यांग जगत/अजमेर

अजमेर । आभूषण पर सोने की परत चढ़ा शुद्ध बताने और बैंक को धोखे में रखकर 21 लाख 19 हजार रुपए का लोन लेकर फरार होने वाले आरोपी युवक और उसकी सास को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उन्हें कोर्ट में पेशकर जेल भिजवा दिया गया। मास्टरमाइंड दामाद कैलाश निवासी डेगाना जिला नागौर व सास भंवरीदेवी निवासी पादुकलां जिला नागौर के खिलाफ इस तरह की ठगी के मदनगंज, गांधीनगर समेत सिरोही में तीन अलग-अलग मामले पहले से दर्ज हैं।
इस मामले में कैनरा बैंक के मैनेजर सचिन कुमार गुप्ता ने 11 मार्च को थाने में केस दर्ज करवाया था। इसमें बताया कि भंवरी देवी पत्नी हरिराम निवासी आछोजाई, पालड़ी कलां, जिला नागौर ने 25 अक्टूबर 2023 को गोल्ड लोन के लिए आवेदन किया था। पैनल मूल्यांकनकर्ता खोड़ा गणेश रोड न्यू हाउसिंग बोर्ड किशनगढ़ निवासी राकेश सोनी को बुलाया गया।
नकली सोने से उठाया लोन
उसने सोने का वजन 490.64 ग्राम बताया, जिसका तत्कालीन मूल्य 26 लाख 49 हजार 456 रुपए थी। उस समय गोल्ड लोन रेट प्रतिग्राम दर 4,320 चल रही थी। ऐसे में 21 लाख 19 हजार का लोन स्वीकृत किया गया। सोनी की ओर से इस गणना की एवज में हस्ताक्षर के द्वारा यह घोषणा कर प्रमाण-पत्र दिया कि आभूषण उत्तम स्वर्ण (22 कैरेट) सोने से बने हैं। मूल्यांकन की गांरटी देता है, इसके बाद लोन की राशि दे दी गई। बैंक के नियमानुसार हर गोल्ड लोन का त्रैमासिक मूल्यांकन करवाना अनिवार्य है। बैंक की ओर से 5 मार्च को भंवरी देवी द्वारा रखे गए सोने की जांच की तो वजन 178 ग्राम पाया गया।
कोतवाली थानाधिकारी वीरेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस टीम आरोपियों को एक महीने से ट्रेस करके पीछा करने में जुटी थी। मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी नागौर में है। टीम ने वहां पहुंचकर आरोपी दामाद व सास को गिरफ्तार किया।

सोने की जांच करने वाले पर भी पुलिस को संदेह

नकली सोना गिरवी रखकर लोन उठाने वाला मास्टर माइंड कैलाश करीब 20-20 लाख रुपए का लोन गांधीनगर, मदनगंज, सिरोही तथा अन्य जगहों से पहले ले चुका है। यह इस तरह से आभूषण सोने की परत लगवाकर तैयार करवाता है कि उसे जल्दी से कोई नकली साबित नहीं कर पाता। थानाधिकारी वीरेंद्र सिंह ने बताया कि गांधीनगर में आरोपी दामाद व सास के खिलाफ दर्ज मामले में उसकी पत्नी भी शामिल है। आरोपी इस तरह से कहां-कहां वारदात कर चुके हैं इस बारे में पता लगाने के साथ बैंक प्रशासन व गोल्ड की वैल्यू आंकने वाले शख्स की भूमिका की भी जांच की जा रही है। जिससे मालूम चल सके कहीं कोई मिलीभगत तो नहीं।

admin
Author: admin