तृतीय श्रेणी अध्यापक भर्ती (रीट) में पद बढ़ाने के लिए विधायक पूनियां ने मुख्यमंत्री गहलोत को लिखा पत्र
तृतीय श्रेणी अध्यापक भर्ती (रीट) में पद बढ़ाने के लिए विधायक पूनियां ने मुख्यमंत्री गहलोत को लिखा पत्र
-नियामत जमाला-
भादरा, 5 दिसंबर/ भादरा विधायक का.बलवान पूनियां ने तृतीय श्रेणी अध्यापक भर्ती (रीट) में पद बढ़ाने को लेकर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को पत्र लिखा हैं। पत्र में विधायक पूनियां ने कहा है कि गत 26 सितंबर 2021 को रीट भर्ती परीक्षा 31000 पदों पर आयोजित की गई थी, चूंकि इस भर्ती की घोषणा दिसंबर 2019 में की गई थी तथा परीक्षा अगस्त 2020 में प्रस्तावित थी, किन्तु कोरोना महामारी के कारण यह भर्ती 2 वर्ष लंबित हो गई। जिसके कारण रीट अभ्यर्थियों (बेरोजगारों) की संख्या में भी काफी वृद्धि हो गई तथा साथ ही इन 2 वर्षों में तृतीय श्रेणी शिक्षकों के भी लगभग 30 से 35 हजार पद सेवानिवृत्ति एवं पदोन्नति के कारण रिक्त हो गए हैं तथा शाला दर्पण के अनुसार वर्तमान में तृतीय श्रेणी शिक्षकों के लगभग 55000 पद अतिरिक्त खाली हैं, चूंकि रीट अम्यर्थियों की संख्या 26 लाख है जो कि आज तक की सभी भर्ती परीक्षाओं में सर्वोच्च संख्या है इसलिए अब मात्र 31000 पदों पर भर्ती ऊंट के मुंह में जीरे के समान है। विधायक पूनियां ने पत्र में कहा है कि 3 साल के लंबे अंतराल बाद इस भर्ती की परीक्षा होने के कारण यह बहुत से अभ्यर्थियों की अंतिम परीक्षा भी है क्योंकि इस परीक्षा के बाद बहुत सारे अभ्यर्थी ओवर – एज हो जाएंगे तथा पिछली सरकार ने भी बेरोजगारों की मांग पर तृतीय श्रेणी शिक्षक भर्ती 2018 में पदों की संख्या 28 हजार से बढ़ाकर 54 हजार की थी। विधायक पूनियां ने मुख्य मंत्री से आग्रह किया है कि लाखों बेरोजगार यवाओं की मांग के अनसार तृतीय श्रेणी अध्यापक भर्ती (रीट) 2021 में पदों की संख्या बढाकर 50 हजार की जाकर बेरोजगार युवाओं को राहत प्रदान की जाए।

