DESH KI AAWAJ

लखीमपुर खीरीः ‘किसानों को रौंदती हुई गाड़ी’ के बाद एक और वीडियो आया सामने, कार को घेर लग रहे मुर्दाबाद के नारे

उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में रविवार को हुई हिंसा के अब वीडियो आने शुरू हो गए हैं. सुबह किसानों को गाड़ियों से कुचलने का एक वीडियो सामने आया था और अब एक वीडियो और सामने आया है जिसमें प्रदर्शनकारी एक गाड़ी को घेरकर बीजेपी मुर्दाबाद के नारे लगाते दिख रहे हैं.

उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी (Lakhimpur Kheri Violence) में हुई हिंसा के बाद से बवाल मचा हुआ है. किसान और प्रशासन के बीच समझौता हो जाने के बाद भी मामला शांत होते दिखाई नहीं दे रहा है. इसी बीच लखीमपुर हिंसा का एक और वीडियो सामने आया है. इस वीडियो में प्रदर्शनकारि एक गाड़ी को घेरकर ‘बीजेपी मुर्दाबाद’ के नारे लगाते दिखाई दे रहे हैं.

इससे पहले लखीमुपर हिंसा का एक वीडियो सामने आया था जिसमें एक गाड़ी किसानों को रौंदते हुए जाती दिख रही थी. लेकिन अब जो वीडियो सामने आया है उसमें प्रदर्शनकारी एक ब्लैक स्कॉर्पियो को घेरकर खड़े हैं और हाथ में काला झंडा लिए बीजेपी मुर्दाबाद के नारे लगा रहे हैं. 

बताया जा रहा है कि ये वीडियो लखीमपुर में हुई हिंसा से कुछ देर पहले का है. ब्लैक स्कॉर्पियो में जो बैठे हैं, वो बीजेपी के ब्लॉक प्रमुख पवन गुप्ता हैं. पवन गुप्ता सदर विधानसभा सीट से उम्मीदवार भी माने जा रहे हैं. बताया जा रहा है कि लखीमपुर में उस दिन जिस जगह पर दंगल होना था, पवन गुप्ता उसी जगह पर जा रहे थे. लेकिन रास्ते में ही प्रदर्शनकारियों ने उन्हें घेर लिया था. इसके बाद ही डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य (Keshav Prasad Maurya) का रूट बदल दिया गया था.

रौंदते हुए चली गई थी गाड़ी…

इस घटना का एक वीडियो सामने आया था, जिसमें एक थार गाड़ी किसानों को रौंदते हुए जाती दिख रही थी. इस वीडियो कांग्रेस और आम आदमी पार्टी ने शेयर किया था. इस वीडियो के सामने आने के बाद बीजेपी सांसद वरुण गांधी ने भी आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है. वरुण गांधी ने ट्विटर पर लिखा कि ये वीडियो किसी की भी आत्मा को झकझोर कर रख देने वाला है. उन्होंने पुलिस से वीडियो को संज्ञान में लेते हुए आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार करने की मांग की है.

admin
Author: admin