राज्य स्तरीय अगंदान जागरुकता कार्यक्रम में जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अजमेर को मिला सर्वश्रेष्ठ NTORC सेन्टर पुरस्कार
मुकेश वैष्णव/दिव्यांग जगत/अजमेर
अजमेर । राज्य स्तरीय अंगदान जागरूकता कार्यक्रम के अवसर पर एसएमएस मेडिकल कॉलेज, जयपुर के न्यू एकेडमिक ब्लॉक ऑडिटोरियम में आयोजित भव्य समारोह में जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज, अजमेर को अंगदान के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य एवं उल्लेखनीय उपलब्धियों के लिए “सर्वश्रेष्ठ NTORC सेंटर” पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह प्रतिष्ठित सम्मान चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर, प्रमुख शासन सचिव (चिकित्सा शिक्षा) श्रीमती गायत्री राठौड़, आयुक्त, चिकित्सा शिक्षा बाबूलाल गोयल, SOTTO राजस्थान की राज्य नोडल अधिकारी डॉ. चित्रा, अंगदान समन्वयक डॉ. रश्मि गुप्ता तथा एसएमएस मेडिकल कॉलेज, जयपुर के प्राचार्य एवं नियंत्रक द्वारा प्रदान किया गया।
इस अवसर पर जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज, अजमेर की ओर से पुरस्कार प्राप्त करने वालों में प्राचार्य एवं नियंत्रक डॉ. अनिल सामरिया, NTORC नोडल अधिकारी डॉ. गोगराज गरवाल, डॉ. दिलीप नागरवाल, डॉ. कुलदीप, डॉ. प्रदीप, नर्सिंग अधिकारी घनश्याम एवं ऑपरेशन थियेटर (OT) टीम शामिल रही। यह सम्मान जेएलएन मेडिकल कॉलेज, अजमेर की NTORC टीम द्वारा अंगदान जागरूकता, ब्रेन स्टेम डेथ की पहचान, अंगदान समन्वय तथा अंग एवं ऊतक प्रत्यारोपण सेवाओं को सुदृढ़ बनाने की दिशा में किए गए उत्कृष्ट कार्यों की राज्य स्तर पर सराहना का प्रतीक है। कार्यक्रम के दौरान अंगदान के माध्यम से अनेक लोगों को नया जीवन देने वाले स्वर्गीय श्री दुर्गाशंकर जी के परिवार का भी विशेष सम्मान किया गया। इस अवसर पर उनके पूज्य पिताजी, माताजी, भाइयों एवं बहनों को मंच पर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने परिवार के इस प्रेरणादायी एवं मानवीय निर्णय की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे परिवार समाज के लिए प्रेरणा स्रोत हैं तथा इनके द्वारा किया गया अंगदान का संकल्प अनेक जरूरतमंद लोगों के जीवन में नई आशा का संचार करता है।
इस अवसर पर डॉ. अनिल सामरिया ने कहा कि यह सम्मान संस्थान के सभी चिकित्सकों, ट्रांसप्लांट कोऑर्डिनेटर्स, नर्सिंग अधिकारियों, पैरामेडिकल कर्मियों एवं सहयोगी कर्मचारियों के सामूहिक समर्पण, उत्कृष्ट टीमवर्क एवं निरंतर प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि जेएलएन मेडिकल कॉलेज, अजमेर भविष्य में भी अंगदान के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने तथा अधिक से अधिक लोगों को जीवनदान दिलाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करता रहेगा।
कॉलेज परिवार ने इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर NTORC टीम के सभी सदस्यों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ प्रेषित की हैं तथा प्रदेशवासियों से अधिक से अधिक संख्या में अंगदान का संकल्प लेने का आह्वान किया है।
“अंगदान महादान है। एक व्यक्ति का अंगदान अनेक लोगों को नया जीवन प्रदान कर सकता है। आइए, अंगदान का संकल्प लेकर मानवता की इस महान सेवा में सहभागी बनें।”


