DESH KI AAWAJ

कुंभकारों पर महंगाई की मार, चाक की मिट्टी हुई कई गुणा महंगी

कुंभकारों पर महंगाई की मार, चाक की मिट्टी हुई कई गुणा महंगी
श्री प्रजापति वंश समिति ने आमजन से किया चाइनीज लाइटों का बहिष्कार करने का आह्वान
-नियामत जमाला-
भादरा, 31 अक्टूबर/ स्थानीय श्री प्रजापति वंश समिति के सदस्यों ने एक आम बैठक कर नागरिकों से दीपावली पर्व पर स्वदेशी सामान अपनाने व चाइनीज सामान का बहिष्कार करने का आह्वान किया है व इसके बाद मिट्टी से बर्तन बनाने वाले सामाजिक बंधुओं को घर घर जाकर दीपावली की शुभकामनाएं दी और उनकी समस्याओं पर विचार विमर्श किया। कुम्हार धर्मपाल व लालचंद जो कि मिट्टी के बर्तन बनाने का काम करते है, उन्होंने समिति सदस्यों को बताया कि हमारी सबसे बड़ी समस्या इन दिनों बर्तनों को तैयार करने के लिए मिट्टी ना मिलने से चाक पूरी तरह से बंद होने की कगार पर पहुंच गया है। ऐसे में चाक के बल पर परिवार के लिए दो वक्त की रोटी जुटाना भी मुश्किल व परेशानी भरा हो गया है।हमारा तो यही पुश्तैनी धंधा है यह काम हम पूर्वजों के समय से करते चले आ रहे हैं। इन लोगों का कहना था कि मिट्टी ना मिलने से दीपावली पर्व आते ही मिट्टी के बर्तन, दीपों की मांग बढ़ती है। गत 2 साल से कोरोना महामारी के कारण हमारी आर्थिक स्थिति बहुत ज्यादा बिगड़ी हुई है। ऐसे में महंगी मिट्टी कहां से लाएं? समिति अध्यक्ष सुशील खजोतिया ने बताया कि हमारे समाज के कुंभकार कारीगर आज बहुत तकलीफ में है। उन्होंने प्रशासन से उनके लिए मिट्टी की व्यवस्था कराने की मांग की है। उनके अनुसार जिले भर में बहुत से कुम्हार परिवार अपने पुश्तैनी कार्य को आजीविका का माध्यम बनाए हुए हैं, मिट्टी ना मिलने से इन कारीगरों की दिन प्रतिदिन स्थिति और खराब होती जा रही है। प्रशासन द्वारा भी कुम्हारों की आर्थिक स्थिति सुधारने की कोशिश नहीं की जा रही है। समिति के सचिव रोहिताश लकेशर ने बताया कि समाज के लोगों को शिक्षा पर अधिक ध्यान देने की जरूरत है, शिक्षा के बढ़ावें के लिए समिति द्वारा विद्यार्थियों को पढ़ने में मदद की जाएगी ताकि कुम्हार समाज के बच्चे भी अच्छी तरह से पढ़ाई कर सम्मानित पद व जीवन हासिल कर सके। समिति के कोषाध्यक्ष महेश बागोरिया ने बताया कि इस दीपावली पर दीपोंत्सव मनाने के लिए संस्था के द्वारा 2100 दीप असहाय व गरीब परिवारों को नि :शुल्क वितरित किए जाएंगे।
फोटो – मिट्टी के बर्तन बनाने वालों से जानकारी लेते समिति अध्यक्ष

admin
Author: admin