निशुल्क दिव्यांग रोजगार मेला 27 फरवरी को अजमेर में
मुकेश वैष्णव/दिव्यांग जगत/अजमेर
अजमेर। राजस्थान महिला कल्याण मण्डल, अजमेर तथा विश्व युवक केंद्र, नई दिल्ली के संयुक्त तत्वावधान में दिव्यांग वयस्कों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से दिनांक 27 फरवरी (शुक्रवार) को प्रातः 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक नि:शुल्क दिव्यांग रोजगार मेले का आयोजन अद्वैत शीघ्र हस्तक्षेपण केंद्र, पंचशील नगर, क्षेत्रपाल हॉस्पिटल के पास, अजमेर में किया जा रहा है।
संस्था के अतिरिक्त निदेशक तरुण शर्मा ने बताया की इस रोजगार मेले में 60 से अधिक विभिन्न प्रतिष्ठित रोजगारदाताओं/संस्थानों की सहभागिता रहेगी, जो दिव्यांगजनों की योग्यता एवं क्षमताओं के अनुरूप उपयुक्त रोजगार उपलब्ध कराने का प्रयास करेंगे। कार्यक्रम का उद्देश्य प्रशिक्षित एवं रोजगारोन्मुखी कौशलों से युक्त दिव्यांगजनों को संभावित नियोक्ताओं से सीधे जोड़ना है, ताकि वे आत्मनिर्भर एवं सम्मानजनक आजीविका की दिशा में अग्रसर हो सकें।
संस्था सचिव एवं मुख्य कार्यकारी क्षमा आर कौशिक ने जानकारी देते हुये बताया की राजस्थान महिला कल्याण मण्डल 50 वर्षो से समुदाय विकास और दिव्यांगजन कल्याण, समावेशी शिक्षा एवं पुनर्वास के क्षेत्र में सक्रिय है। संस्था के अंतर्गत संचालित समावेशी विद्यालयों, डे-केयर केन्द्रों एवं सामुदायिक आधारित पुनर्वास कार्यक्रम के माध्यम से अनेक दिव्यांगजन कार्यालय सहायक, हाउसकीपिंग, गार्डनिंग, सिलाई, वुडवर्क, दुकान सहायक एवं अन्य व्यावहारिक कौशलों में प्रशिक्षित किए गए हैं। यह मेला ऐसे अभ्यर्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर सिद्ध होगा।
संस्था सभी दिव्यांगजन अभ्यर्थियों, अभिभावकों, नियोक्ताओं, स्वयंसेवी संगठनों एवं समुदाय के सम्मानित नागरिकों से अनुरोध करती है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस समावेशी पहल को सफल बनाएं। इच्छुक प्रतिभागी अपने साथ बायोडाटा एवं आवश्यक दस्तावेज (यदि उपलब्ध हों) लेकर पधार सकते हैं।
पूर्व पंजीकरण एवं अधिक जानकारी हेतु व्हाट्सएप पर संपर्क करें: 9351233501, 9462327384 राजस्थान महिला कल्याण मण्डल (RMKM), अजमेर

