DESH KI AAWAJ

85 लाख नौकरियां पैदा हुईं सितंबर में, इसके बावजूद कई राज्यों में अभी भी दोहरे अंकों में बेरोजगारी

कोरोना महामारी में राहत के बाद राष्ट्रीय स्तर पर बेरोजगारी का स्तर भले ही घटने लगा हो, लेकिन उत्तर भारत समेत देश के कई राज्य ऐसे भी हैं, जहां अभी भी ये दोहरे अंकों में बनी हुई है। सेंटर फॉर मॉनिटरिंग इंडियन इकोनॉमी (सीएमआईई) की रिपोर्ट से यह जानकारी मिली है। रिपोर्ट के मुताबिक दिल्ली में बेरोजगारी चार महीने की ऊंचाई 16.8 फीसदी पर है।

सीएमआईई के सितंबर महीने के आकंड़ों के मुताबिक दिल्ली के साथ-साथ राजस्थान, झारखंड, हरियाणा, बिहार समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में बेरोजगारी दोहरे अंकों में बनी हुई है। कोरोना महामारी के बाद राजस्थान में बेरोजगारी 17.9, हरियाणा में 20.3, झारखंड में 13 और बिहार में 10 फीसदी पर बनी हुई है। हालांकि यूपी में ये 5 फीसदी तो उत्तराखंड में 4.1 फीसदी है। राष्ट्रीय औसत की बात की जाए तो अगस्त महीने के 8.3 फीसदी के मुकाबले सितंबर में बेरोजगारी की दर 6.9 फीसदी पर पहुंच गई है।

तीन माह से दिल्ली में बढ़ी बेरोजगारी

देश की राजधानी दिल्ली में बेरोजगारी दर पिछले तीन महीनों से लगातार बढ़ती जा रही है। जून में ये 8.8, जुलाई में 10.7 और अगस्त में 11.6 फीसदी हो गई है। आंकलन के मुताबिक देश के आईटी क्षेत्र से भले ही नौकरियों के मौके मिल रहे हों लेकिन टूरिज्म, टेक्सटाइल, ऑटोमोबाइल और सीमेंट क्षेत्रे में परेशानियां अभी भी हैं।

बेरोजगारी के राज्यवार आंकड़े प्रतिशत में

इन राज्यों ने चिंता बढ़ाई

जम्मू कश्मीर में अगस्त की तुलना में बेरोजगारी की दर 8% बढ़ गई है। राज्य में सितंबर में बेरोजगारी की दर 8 महीने के उच्च स्तर पर पहुंच गई है। पुडूचेरी जैसे राज्यों में पिछले महीने की तुलना में बेरोजगारी की दर 3% बढ़ गई है। हिमाचल प्रदेश में बेरोजगारी की दर सितंबर में 5% बढ़कर 8.7% पर पहुंच गई है।

हरियाणा-राजस्थान में घटी बेरोजगारी

पंजाब में सितंबर में बेरोजगारी की दर 3.3% बढ़कर 9.3 पर पहुंच गई है। केरल में बेरोजगारी की दर 1.1 फ़ीसदी बढ़ी है। तमिलनाडु में अगस्त में बेरोजगारी दर 6.3% थी जो अब बढ़कर 7 फीसदी पर पहुंच गई है। हरियाणा में बेरोजगारी की दर 20.3% है। अगस्त में बेरोजगारी दर 35.7% पर थी राजस्थान में सितंबर में बेरोजगारी की दर 17.9 फ़ीसदी है जो अगस्त की तुलना में 8.8% पॉइंट कम है।

नौकरियां बढ़ने का भरोसा

सीएमआईई के मैनेजिंग डायरेक्टर महेश व्यास ने हिन्दुस्तान को बताया है कि पिछले कई महीनों के बाद देश में सितंबर का महीना ऐसा रहा है, जिसमें 85 लाख नौकरियां पैदा हुई हैं। उन्होंने ये भी कहा कि हालांकि कुछ राज्यों में इनमें बढ़त नहीं हो पाई और कई जगहों पर अभी भी बेरोजगारी है। साथ ही उन्होंने भरोसा भी जताया कि कुछ दिनों के इंतजार के बाद वहां भी हालात सुधरने शुरू हो जाएंगे।

admin
Author: admin