DESH KI AAWAJ

डिप्टी सीएम ने किया शहीद बलवीर सिंह ग्रेवाल की मूर्ति का अनावरण

डिप्टी सीएम ने किया शहीद बलवीर सिंह ग्रेवाल की मूर्ति का अनावरण

गांव बापड़ोली में लाइब्रेरी के लिए 11 लाख देने की घोषणा

वीरों के सर्वोच्च बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता : दुष्यंत चौटाला

रिपोर्टर भगवत शर्मा दिव्यांग जगत न्यूज पेपर & चैनल

हरियाणा के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि हमारे सैनिक भाइयों के बदौलत हमारा देश दुनिया में एक बड़ी ताकत है। हमारे वीरों के सर्वोच्च बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। श्री चौटाला आज जिला के गांव बापड़ोली में अमर शहीद बलवीर सिंह ग्रेवाल की 32वीं पुण्यतिथि के मौके पर उनकी मूर्ति के अनावरण के बाद ग्रामीणों को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर उन्होंने शहीद की याद में गांव में एक लाइब्रेरी बनाने के लिए 11 लाख रुपए देने की घोषणा की।

उन्होंने कहा कि इस लाइब्रेरी से गांव के युवा अध्ययन करके विभिन्न प्रतियोगिता परीक्षाओं की तैयारियां कर सकेंगे। श्री चौटाला ने कहा कि शहीद बलवीर की मूर्ति से आने वाली पीढ़ी हमेशा उनके जीवन से सीख लेगी कि किस प्रकार हमारे वीर जवान हमारी सुरक्षा के लिए अपना सब कुछ बलिदान देने के लिए तैयार रहते हैं।

उन्होंने फूला देवी के साहस को भी सराहा कि जिन्होंने इन मुश्किल हालात में परिवार को आगे बढ़ाया। उन्होंने परिवार की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह परिवार लगातार तीन-तीन पीढ़ियों से देश की सुरक्षा में लगा हुआ है।

इस मौके पर उन्होंने बाबा सीता नाथ के प्रांगण में विकास कार्य तथा अन्य विकास कार्य करवाने के लिए सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री ओमप्रकाश यादव से आग्रह किया कि वे इस कार्य का भी जल्द से जल्द एस्टीमेट बनवा कर भिजवाएं। इसकी तुरंत स्वीकृति दी जाएगी।

मूर्ति के अनावरण के मौके पर सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री ओमप्रकाश यादव ने कहा कि शहीद बलवीर की मूर्ति से आने वाली पीढ़ियां गर्व कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि शहीद बलवीर की देशभक्ति का जज्बा आने वाले पीढ़ी हमेशा याद रखेगी। उन्होंने कहा कि जो शहीदों को भूल जाते हैं वे कभी आगे नहीं बढ़ते। हमें हमेशा शहीदों को याद करना चाहिए। हम अपने वीर सैनिकों की बदौलत अपने आप को सुरक्षित महसूस करते हैं।

इस मौके पर जेजेपी की ग्रामीण जिला प्रधान मंजू चौधरी, पूर्व सीपीएस अनीता यादव, कमलेश सैनी, सुलोचना ढिल्लो, कंवर सिंह कलवाड़ी व एडवोकेट अजय चौधरी के अलावा अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद थे।

admin
Author: admin