मनमाने ढंग से शिक्षा विभाग द्वारा की जा रही 6D/6(3) प्रक्रिया का शिक्षकों द्वारा भारी विरोध
मनमाने ढंग से शिक्षा विभाग द्वारा की जा रही 6D/6(3) प्रक्रिया का शिक्षकों द्वारा भारी विरोध
अजमेर कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन कर, शिक्षा मंत्री व मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन
मुकेश वैष्णव/दिव्यांग जगत/अजमेर
अजमेर । अजमेर कलेक्ट्रेट पर 6 डी/ 6(3) सेटअप परिवर्तन पर रोक की माँग को लेकर शिक्षक संघ सियाराम ( लोकतांत्रिक) ने प्रदर्शन किया ।
शिक्षक संघ सियाराम (लोकतांत्रिक) के प्रदेश प्रवक्ता अनुपम माथुर ने बताया कि अभी हाल ही में 11 मई 2023 को शिक्षा निदेशक महोदय ने तृतीय श्रेणी शिक्षकों का सेटअप परिवर्तन कर प्रारंभिक से माध्यमिक में जाने का आदेश निकाला है । जिस पर शिक्षक संघ ने मांग रखी की प्रारंभिक से बिना इच्छा माध्यमिक शिक्षा में भेजकर उसी विषय और उसी स्तर के नए शिक्षक नियुक्ति करने की खो-खो प्रक्रिया पर रोक लगाई जावे। अनुपम माथुर का कहना है कि बिना इच्छा के किसी को भी प्रारंभिक से माध्यमिक में नहीं भेजा जाए। माथुर ने बताया कि प्रारंभिक से वरिष्ठतम शिक्षकों को माध्यमिक में भेजा जा रहा है ये ही शिक्षक थर्ड ग्रेड से सेकंड ग्रेड में प्रमोशन की लाइन में है। क्योंकि ये जिले और मंडल के वरिष्ठतम है और 3 वर्ष की सेकंड ग्रेड डीपीसी बकाया चल रही है। ऐसे में माध्यमिक शिक्षा में भेजने के बाद डीपीसी होने पर माध्यमिक शिक्षा के विद्यालयो में फिर से पद रिक्त हो जाएंगे। माथुर का कहना है कि जिलों के वरिष्ठ थर्ड ग्रेड शिक्षक 6 माह से पहले ही सेकंड ग्रेड में प्रमोट हो जाएंगे । इसलिए इन्हें वर्तमान स्थान से बिना इच्छा के हटाया जाना समाचीन नहीं है। शिक्षकों को मनमाने ढंग से दूर माध्यमिक स्कूलों में भेजे जाने से भारी नाराजगी है । इसकी बजाय प्रारंभिक से माध्यमिक में इच्छा से जाने वाले शिक्षकों से आवेदन व सहमति लेकर सेटअप परिवर्तन किया जावे, ऐसा पूर्ववर्ती साल 2014 में भी किया गया था । नहीं तो बेवजह भारी संख्या में शिक्षक कोर्ट की शरण लेंगे। इसके बाद ही माध्यमिक तथा प्रारंभिक के कुल रिक्त पदों पर नई नियुक्तियां की जावे ।
अजमेर कलेक्ट्रेट पर बुधवार को 11 बजे हुए प्रदर्शन में बृजेंद्र शर्मा, प्रदीप अरजानी, प्रदीप दीक्षित, महेंद्र कुमार, निशारानी, आशा अग्रवाल, मंजू, विनोद, मीनू शर्मा, हेमलता भट्ट, प्रदीप श्रीवास्तव, मनोज वैष्णव, पिंकी गोस्वामी सहित अनेकों शिक्षकों ने भाग लिया।


