आजादी का अमृत महोत्सव पर
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से निकाली गई प्रभात फेरी
आजादी का अमृत महोत्सव पर
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से निकाली गई प्रभात फेरी
हमें अपने दुख के साथ दूसरों की पीड़ा को समझना होगा : आरके सोंधी
रिपोर्टर भगवत शर्मा दिव्यांग जगत न्यूज पेपर & चैनल
नारनौल। महात्मा गांधी का पूरा जीवन देश को समर्पित था। अगर हमें उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि देनी है तो साफ सफाई के साथ-साथ अपने अंदर के विचारों की गंदगी को भी साफ करना होगा। यह आह्वान जिला एवं सत्र न्यायाधीश आरके सोंधी ने आज गांधी जयंती के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से आजादी के अमृत महोत्सव के तहत आयोजित प्रभात फेरी को हरी झंडी दिखाने से पहले उपस्थित जनों से किया। यह प्रभात फेरी सैशन हाउस से शुरू होकर आजाद चौक पर संपन्न हुई।
श्री सोंधी ने कहा कि महात्मा गांधी जीवन में सात बुराइयों को दूर रखने का आह्वान करते थे। सबसे अधिक वे श्रम पर जोर देते थे। उनका मानना था कि श्रम में सब कुछ समाहित है।
उन्होंने कहा कि गांधी जी ने हमें आजादी दिलाने के साथ-साथ आजादी को कैसे जीना है, यह भी सिखाया था। गांधी जी हमेशा मानते थे कि मानवता के बिना विज्ञान अधूरा है। जब तक मानवता नहीं है तब तक उस विज्ञान का कोई अर्थ नहीं है। मानवता को छोड़कर अपने लिए जीवन जीना पाप है। देश के प्रति समर्पण व बलिदान का भाव हमेशा उनके मन में रहा। हम सबको उनके जीवन से प्रेरणा लेने की जरूरत है।
उन्होंने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से अगले डेढ़ माह तक चलाए जाने वाले अमृत महोत्सव की जानकारी देते हुए बताया कि इस अभियान के दौरान लोगों को सरकारी योजना व कानूनी अधिकारों के प्रति सजग किया जाएगा। उन्होंने कहा कि देश का हर नागरिक देश का खून है। अगर एक जगह भी शरीर में कोई जख्म है तो पूरे शरीर पर दर्द होता है। ऐसे ही अगर देश में कोई नागरिक दुखी है तो आजादी का कोई मतलब नहीं रहता। हमें अपने दुख के साथ-साथ दूसरों की पीड़ा को समझना होगा। डेढ़ महीने तक चलने वाले इस अभियान में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे ताकि आमजन अपने कर्तव्य व अधिकारों को समझें।
श्री सोंधी ने कहा कि देश की आजादी को 75 वर्ष हो गए हैं। ऐसे में अब जागने की नहीं बल्कि सजग रहने की जरूरत है ताकि देश का हर नागरिक इस आजादी को महसूस करें। इस लक्ष्य को हम सब एक साथ मिलकर पूरा करेंगे।
आज निकाली गई प्रभात फेरी में आईटीआई सहित विभिन्न स्कूली बच्चों ने हाथों में तख्तियां लेकर लोगों को सफाई के प्रति जागरूक किया।
प्रभात फेरी का आयोजन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी अंजलि जैन की देखरेख में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में रेडक्रॉस समिति तथा रोटरी क्लब के सदस्य भी मौजूद रहे। मंच संचालन पंकज गौड़ ने किया।
इस मौके पर प्रिंसिपल जज, पारिवारिक न्यायालय विरेंद्र मलिक, अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश डा. अशोक कुमार व मोना सिंह, अतिरिक्त मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी आर्या शर्मा, न्यायाधीश नेहा गोयल व अमनदीप, प्रशासनिक अधिकारी, न्यायालय कर्मचारी, विभिन्न पैनल एडवोकेट, रेडक्रॉस सोसायटी के कर्मचारी व स्वयंसेवक, शिक्षा विभाग व औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के अध्यापक व विद्यार्थी व आम नागरिक मौजूद थे।

