DESH KI AAWAJ

अजमेर को मिली 29 उप स्वास्थ्य केंद्र भवनों की सौगात

मुकेश वैष्णव/दिव्यांग जगत/अजमेर

अजमेर को मिली 29 उप स्वास्थ्य केंद्र भवनों की सौगात

ग्रामीण क्षेत्रों में होगी स्वास्थ्य सेवाएं सुदृढ़

अजमेर । पूर्व चिकित्सा मंत्री डाॅ. रघु शर्मा की अनुशंषा से जिले को 29 उप स्वास्थ्य केंद्र भवनों की सौगात मिली है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत होगी।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डाॅ. के.के. सोनी ने बताया कि अजमेर जिले में 29 उप स्वास्थ्य केंद्रों के लिए भवन निर्माण स्वीकृति जारी की गई है। इसके लिए तत्कालीन चिकित्सा मंत्री डाॅ. रघु शर्मा के द्वारा अनुशंषा की गई थी। सरकार द्वारा इन उप स्वास्थ्य केंद्रों के लिए भवन निर्माण स्वीकृति जारी की गई है। प्रत्येक उप स्वास्थ्य केन्द्र भवन पर 41 लाख की राशि व्यय होगी। इस प्रकार इन पर कुल 1189 लाख रूपए का खर्चा आएगा।
उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा जिले के किशनगढ़ में पालड़ी, कड़ा, ढाणी पुरोहितान, सिरोंज, बालापुरा, देवरिया एवं संडोलिया, भिनाय में देवरियाकलां एवं पाण्डोलाई, केकड़ी में भाण्डावास, कोहरा, मोरी का झोंपड़ा एवं एकलसिंगा, मसूदा में केरोट, सोबडी एवं लामगरा, पुष्कर में तबीजी, कायड़, खाजपुरा, होशियारा, बड़गांव, मानपुरा की ढ़ाणी एवं कानस, अजमेर दक्षिण में किरानीपुरा, सावर में बाढ़ का झोंपड़ा एवं गोपालपुरा गोरधा तथा सरवाड़ में भाटोलाव, गोपालपुरा एवं कसाना के उप स्वास्थ्य केंद्रों के भवन बनाए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि उप स्वास्थ्य केंद्र भवन में स्थानीय आवश्यकताओं के अनुसार निर्माण किए जाएंगे। इनमें मरीजों को देखने के लिए ओपीडी रूम, महिलाओं के संस्थागत प्रसव के लिए लेबर रूम तथा दवां एवं अन्य सामग्री के भण्डारण के लिए स्टोर रूम बनाए जाएंगे। इसके साथ-साथ उप स्वास्थ्य केंद्र में नियुक्त एएनएम के लिए निवास बनाए जाने के लिए भी प्रावधान है। एएनएम के द्वारा उप स्वास्थ्य केंद्र पर ही रूकने से ग्रामीणों को 24 घण्टे चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो जाएगी।
उन्होंने बताया कि तत्कालीन चिकित्सा मंत्री डाॅ. रघु शर्मा द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए इन उप स्वास्थ्य केंद्रों की अनुशंषा की गई थी। इन केंद्रों के भवन निर्मित होने से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलेगी। ग्रामीणों को सामान्य बीमारियों का ईलाज स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो जाएगा। एएनएम के माध्यम से महिलाओं एवं बच्चों के लिए टीकाकरण एवं उपचार की सुविघा घर के नजदीक ही मिलने से उनका स्वास्थ्य बेहतर होगा।

admin
Author: admin