DESH KI AAWAJ

ज्वैलरी शाँप मे महिला ने की अंगुठी चोरी वही टाइल्स की दुकान से हजारों की नगदी हुई पार

अजमेर मे 2 दुकानों मे चोरी की वारदात

ज्वैलरी शाँप मे महिला ने की अंगुठी चोरी वही टाइल्स की दुकान से हजारों की नगदी हुई पार

मुकेश वैष्णव/दिव्यांग जगत/अजमेर

अजमेर । अजमेर शहर के 2 थाना क्षेत्रों में ज्वेलरी व टाइल्स की दुकान से चोरी की वारदात सामने आई है। एक तरफ ज्वेलरी शॉप में मालिक की मौजूदगी में महिला ने अंगूठी चोरी कर ली, वहीं दूसरी तरफ टाइल्स की दुकान से हजारों की नगदी व डॉक्यूमेंट चोरी हो गए। दोनों ही मामलों में पीड़ित की ओर से संबंधित थाने में शिकायत दी गई है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
केस 1- आदर्श नगर थाना क्षेत्र के परबतपुरा चौराहे पर स्थित महालक्ष्मी टाइल्स की दुकान में चोरी की वारदात सामने आई है। थाने के ASI मंगाराम ने बताया कि दुकान मालिक दीपक शर्मा ने थाने पर उपस्थित होकर शिकायत दर्ज करवाई की वह अपनी दुकान को दोपहर में कांच का दरवाजा लॉक कर काम से गए हुए थे। वापस लौटे तो ताला टूटा हुआ मिला। बाद में सामान चेक किया तो गल्ले से 91 हजार 500 रुपए नगदी व उनके डॉक्यूमेंट गायब मिले। परिवादी की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस द्वारा घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं।
केस 2- दरगाह थाना क्षेत्र के लक्ष्मी चौक स्थित ज्वेलरी शॉप में दुकान मालिक की मौजूदगी में ही चोरी की वारदात सामने आई है। दुकान मालिक पवन सोनी ने बताया कि उनकी दुकान पर एक महिला सोने के अंगूठी खरीदने के लिए आई थी। महिला को कई सारी सोने की अंगूठियां दिखाई गई। इस बीच महिला ने शातिर तरीके से एक अंगूठी को अपने पास छुपा लिया। पीड़ित ने बताया कि जब उन्होंने महिला को कहा कि इसमें से एक अंगूठी गायब है तो वह नहीं मानी। बाद में पीड़ित द्वारा पुलिस को मौके पर बुलाया गया। दरगाह थाने से मौके पर पहुंची महिला कांस्टेबल की ओर से महिला की तलाशी ली गई तो उसके पास से अंगूठी बरामद हुई। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है और महिला को भी हिरासत में ले लिया है। यह पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

admin
Author: admin