अजमेर मे सोने के रथ के साथ महावीर जयंती पर निकली शोभायात्रा
अजमेर मे सोने के रथ के साथ महावीर जयंती पर निकली शोभायात्रा
अजमेर की सडकों पर झाकियां रही आकर्षक का केन्द्र
मुकेश वैष्णव/दिव्यांग जगत/अजमेर
अजमेर । जैन धर्म के 24 वें तीर्थंकर भगवान महावीर स्वामी का 2622 वां जन्म कल्याणक महोत्सव सोमवार को उत्साह, उमंग और उल्लास से मनाया गया। जैन मंदिरों में मस्तकाभिषेक व अष्ट द्रव्यों से पूजा-अर्चना की गई। अलग-अलग मंदिरों से प्रभात फेरियां हुई और फिर शोभायात्रा निकाली। चहुंओर जयकारों की गूंज है। शहर के मुख्य मार्ग- बाजारों से होकर गुजरी शोभायात्रा का विभिन्न सामाजिक, धार्मिक, व्यापारिक संगठनों ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। शोभायात्रा में समाज का हर आयु वर्ग का सदस्य शामिल हुआ। पुरूषों ने श्वेत वस्त्र व महिलाओं ने केसरिया-लाल परिधान पहनकर भाग लिया। जुलूस में बैंड और ढोल नगाड़े की स्वर लहरियों के बीच युवा धार्मिक माहौल में खोए रहे।
सोमवार को तड़के जैन मन्दिर केसरगंज में राजा सिद्धार्थ के दरबार में ब्राह्मी महिला मण्डल द्वारा बधाईयां गाई गई। केसरगंज जैन मन्दिर से त्रिशला नंदन भगवान महावीर स्वामी की प्रभात फेरी निकाली। प्रभातफेरी केसरगंज जैन मन्दिर से प्रारम्भ होकर बाबू मौहल्ला, सेन्ट एन्सलम स्कूल, केसरगंज गोल चक्कर, आदिनाथ मार्ग पड़ाव, कबीर मार्ग, टीकमगंज, स्टेशन रोड, पुलिस चौकी केसरगंज होते हुए पुनः जैन मन्दिर पहुंची। इसके बाद ध्वजारोहण भोगीराम चडौसिया द्वारा किया गया। इसके बाद महावीर स्वामी की विशाल रथ यात्रा का जूलूस श्रीपार्श्वनाथ दिगम्बर जैसवाल जैन मन्दिर महावीर मार्ग केसरगंज से प्रारंभ हुआ। जुलूस में भगवान महावीर स्वामी के जीवन पर आधारित 40 झांकियां, स्वर्णमयी सफेद घोड़ों का रथ, जिनवाणी रथ, ऐरावत हाथी, 11 घोड़े, उद्घोषक रथ, 7 बैण्ड, 21- ढोल सहित संगीत मंडली के साथ सैकड़ों धर्मावलंबी सम्मिलित हुए। जुलूस संत फ्रांसिस अस्पताल रोड, राजकीय महाविद्यालय, केसरगंज गोल चक्कर, आर्य समाज मार्ग, स्टेशन रोड, क्लॉक टॉवर, मदार गेट, दरगाह बाजार, नला बाजार, जाटिया वास, मदार गेट, भगवान आदिनाथ मार्ग पड़ाव होता हुआ केसरंगज जैन मन्दिर पर समाप्त हुआ।
वही नसीराबाद मे भी सकल जैन समाज द्बारा भव्य रथयात्रा निकाली गई ।


