DESH KI AAWAJ

संस्कृति कर्म के प्रति नई पीढ़ी को जागरूक करने के लिए गढहारा मे एक बैठक हुई।

संस्कृति कर्म के प्रति नई पीढ़ी को जागरूक करने के लिए गढहारा मे एक बैठक हुई।

बरौनी/#बेगूसराय-गढ़हारा और आसपास के क्षेत्रों में साहित्य तथा संस्कृति-कर्म के प्रति नयी पीढ़ी को जागरूक करने के उद्देश्य से गढ़हरा में एक बैठक की गयी, जिसमें मुक्तेश्वर वर्मा, कुमार विनीताभ, रणजीत कुमार सिंह और प्रेम कुमार पिंटू शामिल हुए।इस बैठक में ‘गढ़हरा दर्पण’ नामक एक सामाजिक संस्था बनाने का निर्णय लिया गया। इस संबंध में जलेस राज्य सचिव कुमार विनीताभ ने बताया कि आज नयी पीढ़ी साहित्य और संस्कृति-कर्म से दूर होती जा रही है। रोजगार से वंचित युवा वर्ग हताशा का शिकार होते जा रहे है। युवाओं के जीवन में सकारात्मकता क्षीण होती जा रही है। इससे समाज में प्रेम और सद्भाव की कमी होती जा रही है जबकि नफरत और हिंसा अपने पांव पसार रहेहै। करीब पचीस वर्ष पूर्व सुप्रसिद्ध समाजवादी जे०पी० सेनानी स्वर्गीय केशव भाई मिश्र, वासुदेव सिंह, देवकीनंदन प्रसाद, कवि रामेश्वर प्रशांत, नलिनी रंजन सिन्हा, कपिलेश्वर वर्मा, लक्ष्मी कांत मिश्र, सुरेन्द्र कुमार और विजय कुमार राय जी ने अन्य ग्रामीणों के सहयोग से अपने गाँव के इतिहास को ‘गढ़हरा दर्पण’ का आकार दिया था। इसलिए इसी पुस्तक के नाम से यह संस्था अपने देश और गाँव के गौरवशाली अतीत से नयी पीढ़ी का परिचय कराने तथा उनमें सामाजिकता एवं सामुदायिकता विकसित करने हेतु कार्य करेगी। अवकाशप्राप्त वरिष्ठ शिक्षक मुक्तेश्वर वर्मा ने कहा कि आगामी 12 जनवरी को मध्य विद्यालय गढ़हरा में स्वामी विवेकानंद जयंती मनायी जाएगी, जिसे ‘गढ़हरा दर्पण’ परिवार के प्रतिष्ठित सदस्य तथा जिला माध्यमिक शिक्षक संघ के पदाधिकारी लक्ष्मी कांत मिश्र संबोधित करेंगे। इसी तरह यह संस्था नेताजी सुभाष चंद्र बोस और भारत कोकिला सरोजनी नायडू की जयंती भी मनायेगी। ‘गढ़हरा दर्पण’ के प्रकाशक सदस्यों और नये बौद्धिकों को साथ लेकर इस अभियान को गति प्रदान की जाएगी।

admin
Author: admin