Oh God: पुलिया से कार नदी में गिरी,दूल्हे सहित 9 की मौत
कोटा की नयापुरा पुलिया से कार नदी में गिरी दूल्हे सहित 9 की मौत, प्रशासन की लापरवाही उजागर
• क्रेन की मदद से शवों को कार के बाहर निकाला
• धारीवाल और बिरला ने जताया शोक
• चौथ का बरवाड़ा से मध्य प्रदेश जा रही थी बारात
कोटा, 20 फरवरी। शहर में देर रात नयापुरा के पास छोटी पुलिया से एक तेज रफ्तार कार चंबल नदी में गिर गई। इस हादसे में दूल्हे सहित 9 बारातियों की मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस और निगम के गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची। रेस्क्यू अभियान चलाया गया। नदी में डूबे सभी लोगों के शव बाहर निकाल लिए गए हैं। बताया जा रहा है कि बारात चौथ का बरवाड़ा से उज्जैन जा रही थी। सभी 9 लोग एक ही कार में सवार थे। निगम गोताखोर विष्णु श्रृंगी ने बताया कि हादसा देर रात को हुआ था। किसी राहगीर ने चंबल नदी में कार को पलटते देखी। इसके बाद निगम के गोताखोरों की टीम ने अल सुबह रेस्क्यू चलाया। क्रेन की मदद से कार को बाहर निकाला। अब तक सभी डेड बॉडी निकाली जा चुकी है। शवों को एमबीएस की मोर्चरी में रखवाया जा रहा है।
सभी शव निकाले गए
कार में कुल 9 लोग सवार थे। गाड़ी चौथ का बरवाड़ा की तरफ से आ रही थी और उज्जैन जा रहे थे। मृतकों में दूल्हा भी शामिल है। रेस्क्यू के बाद सभी 9 लोगों के शव निकाल लिए गए हैं। उधर, मृतक के परिजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंच चुके हैं। हादसे पर मंत्री शांति धारीवाल ने दुख जताया है। साथ ही रेस्क्यू ऑपरेशन तेज करने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए। साथ ही लोकसभा अध्यक्ष ने भी घटना पर दुख जताया है।
• सरकार का लापरवाह रवैया बना घटना का कारण :
लगातार शहर में चल रहे विकास कार्यों के बावजूद भी नयापुरा की छोटी पुलिया जिसके दोनों ओर एलिवेटेड डिवाइडर भी ना होना अपने आप में संदेह का विषय है। पूर्व में भी इस पुलिया पर कई हादसे होते आएं हैं फिर भी उससे सबक न लेकर सरकार और लापरवाह प्रशासन ने पुलिया की मरम्मत के कार्य को कभी पूरा ही नहीं करवाया जिससे आज 9 जनों की अकाल मौत हो गई। सरकार और प्रशासन की लापरवाही से एक बड़ा मामला आज से 3 वर्ष पहले बूंदी के लालसोट मेगा हाईवे की ताकली पुलिया पर हुआ हादसा जिसमें 24 बारती बस सहित मेज नदी में जा गिरे थे। ऐसे दर्दनाक हादसों के बाद भी सरकार सबक नहीं लेती और आम जनता का मरण होता है।


