बिजली बिलों में हो रही मनमानी वसूली के खिलाफ ग्रामीणों ने गांव नेठराना में सभा कर जताया आक्रोश
बिजली बिलों में हो रही मनमानी वसूली के खिलाफ ग्रामीणों ने गांव नेठराना में सभा कर जताया आक्रोश
शुक्रवार को किया जाएगा जीएसएस का घेराव
-नियामत जमाला-
भादरा, 11 नवम्बर/ बिजली बिलों में हो रही मनमानी लूट व वसूली के खिलाफ नेठराना में ग्रामीणों ने बुधवार की सायं सभा कर आक्रोश व्यक्त किया है। सभा में वक्ताओं ने पिछले करीब 2 साल से भी अधिक समय से जारी आंदोलन की कड़ी में बिजली उपभोक्ता संघर्ष समिति की ओर से बिजली के बिलों में हो रही धांधली व स्थाई शुल्क, विद्युत शुल्क, नगरीय कर, जल संरक्षण कर, अन्य राशि तथा तरह-तरह के टैक्स के नाम पर हो रही वसूली का विरोध किया। बिजली उपभोक्ता संघर्ष समिति ने मांग की है कि कोरोना काल के सभी उपभोक्ताओं के बकाया बिजली के बिल माफ किए जाएं व काटे गए बिजली कनैक्शनों को तुरन्त जोड़ा जाए, स्थाई शुल्क के नाम पर लूट बंद की जाए, प्रत्येक परिवार को 200 यूनिट बिजली मुफ्त दी जाए, घटिया और तेज चलने वाले बिजली मीटर बदले जाएं, बिजली विभाग के निजीकरण पर रोक लगाई जाए तथा बिजली अधिनियम 2020 खारिज किया जाए। सभा में बिजली उपभोक्ता संघर्ष समिति की नेठराना इकाई ने आंदोलन को आगे बढ़ाने के लिए शुक्रवार 12 नवम्बर को नेठराना जीएसएस के घेराव का ऐलान भी किया है। विदित रहे कि गांव नेठराना में ग्रामीण बिजली विभाग की नीतियों के खिलाफ लम्बे समय से एकजुट होकर आक्रोश जता रहे है व काफी ग्रामीण पिछले लम्बे समय से विद्युत बिलों का भुगतान भी जमा नहीं करवा रहे हैं। जिसके चलते यहाँ विद्युत विभाग का भी ग्रामीणों में विद्युत बिलों का काफी बकाया भी है। विद्युत विभाग द्वारा ग्रामीणों के बिजली कनैक्शन काटने की कार्रवाई का भी ग्रामीण विरोध करते रहे है तथा विरोध करने के कारण ग्रामीणों के खिलाफ कई बार विभाग के कार्मिकों द्वारा मुकदमे भी करवाए गए है। दूसरी तरफ इस बकाया सहित बिजली विभाग सम्बन्धी अन्य मसलों को लेकर नेठराना में जिला कलैक्टर की अध्यक्षता में विद्युत विभाग द्वारा भी 12 नवंबर को विशेष शिविर लगाया जाएगा। मिली जानकारी के अनुसार जिला कलैक्टर नथमल डिडेल की अध्यक्षता में विद्युत विभाग 12 नवंबर को नेठराना में विशेष शिविर लगाने जा रहा है। जिसमें विद्युत उपभोक्ताओं को राज्य सरकार की एमनेस्टी योजना समेत विभिन्न योजनाओं का लाभ मौके पर ही प्रदान किया जाएगा। शिविर में विद्युत उपभोक्ताओं की त्रुटिपूर्ण विद्युत विपत्रों को संशोधित करने, बन्द व खराब मीटरों को बदलने, विद्युत लाइन से सम्बंधित शिकायतों का निवारण मौके पर ही यथा सम्भव किया जाएगा , साथ ही राज्य सरकार द्वारा घोषित एमनेस्टी योजना के तहत घरेलू उपभोक्ताओं की दिनांक 31 मार्च 2021 तक की बकाया राशि पर लगे ब्याज व पेनल्टी 100 प्रतिशत व कृषि उपभोक्ताओं की उक्त दिनांक तक बकाया राशि पर लगे ब्याज एंव पेनल्टी 50 प्रतिशत राशि निरस्त / माफ करने की कार्यवाही मौके पर ही संपादित की जाएगी। उक्त योजना से लाभार्थियों को संशोधित विद्युत विपत्र पूर्व में ही निगम द्वारा वितरित करवाए जा चुके है। बिजली उपभोक्ताओं से उक्त योजना व विशेष शिविर का लाभ उठाने की अपील की गई है। फोटो_ नेठराना में बिजली बिलों के मुद्दे को लेकर ग्रामीणों की सभा का दृश्य

