DESH KI AAWAJ

जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय की बड़ी उपलब्धि, अजमेर संभाग में पहली बार बिना सिर खोले ‘ब्रेन एन्यूरिज्म ‘ का सफल उपचार

मुकेश वैष्णव/दिव्यांग जगत/अजमेर

अजमेर। जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज एवं चिकित्सालय, अजमेर के न्यूरोसर्जरी विभाग ने चिकित्सा क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए अजमेर संभाग में पहली बार अत्याधुनिक एंडोवास्कुलर कॉइलिंग तकनीक द्वारा ब्रेन एन्यूरिज्म का सफल उपचार किया है।
यह जटिल प्रक्रिया 39 वर्षीय महिला मरीज में सफलतापूर्वक की गई। मरीज के मस्तिष्क की एक रक्तवाहिका में गंभीर ब्रेन एन्यूरिज्म था, जिसमें अचानक रक्तस्राव होने और जीवन को गंभीर खतरा उत्पन्न होने की आशंका रहती है।

बिना सिर खोले किया गया जटिल उपचार

जेएलएन अस्पताल की न्यूरोसर्जरी टीम ने पारंपरिक ओपन ब्रेन सर्जरी के बजाय आधुनिक एंडोवास्कुलर कॉइलिंग (Endovascular Coiling) तकनीक का उपयोग किया। इस प्रक्रिया में शरीर की एक बड़ी रक्तवाहिका के रास्ते अत्यंत सूक्ष्म कैथेटर को मस्तिष्क की प्रभावित रक्तवाहिका तक पहुंचाया गया तथा विशेष कॉइल की सहायता से एन्यूरिज्म को सफलतापूर्वक बंद किया गया।
इस तकनीक से मरीज को सिर खोलने वाली बड़ी सर्जरी से बचाया जा सका तथा कम चीरे, कम रक्तस्राव और अपेक्षाकृत शीघ्र रिकवरी के साथ उपचार संभव हुआ। प्राचार्य डॉ. अनिल सामरिया ने कहा—अब जटिल न्यूरोसर्जिकल उपचार के लिए मरीजों को जयपुर नहीं जाना पड़ेगा।
जेएलएन मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अनिल सामरिया ने कहा कि यह जेएलएन अस्पताल के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। एंडोवास्कुलर कॉइलिंग जैसी अत्याधुनिक सुविधा का पहली बार जेएलएन अस्पताल में सफलतापूर्वक शुरू होना इस बात का प्रमाण है कि अजमेर में अब उच्च स्तरीय न्यूरोसर्जिकल सेवाओं को लगातार मजबूत किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास है कि अजमेर संभाग और आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को जटिल से जटिल उपचार की सुविधा उनके अपने शहर में ही उपलब्ध हो। इस प्रकार की सेवाओं के लिए मरीजों को जयपुर या अन्य बड़े शहरों में रेफर करने की आवश्यकता को कम करना जेएलएन अस्पताल की प्राथमिकता है।
डॉ. सामरिया ने पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि न्यूरोसर्जरी, एनेस्थीसिया, नर्सिंग एवं अन्य सहयोगी सेवाओं के सामूहिक प्रयास का परिणाम है और आने वाले समय में जेएलएन अस्पताल में ऐसी अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का और विस्तार किया जाएगा।

निजी अस्पतालों में 15–20 लाख रुपये तक का खर्च

इस प्रकार की अत्याधुनिक प्रक्रिया के लिए जयपुर, दिल्ली, मुंबई जैसे बड़े शहरों के निजी अस्पतालों में लगभग 15 से 20 लाख रुपये तक का खर्च आ सकता है। जेएलएन अस्पताल में उपलब्ध संसाधनों एवं विशेषज्ञ चिकित्सकीय टीम के समन्वित प्रयास से यह जटिल उपचार सफलतापूर्वक किया गया।
यह उपलब्धि न केवल जेएलएन अस्पताल की चिकित्सा क्षमताओं को दर्शाती है, बल्कि अजमेर एवं आसपास के मरीजों के लिए अत्याधुनिक न्यूरोसर्जिकल उपचार को स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

कुशल नेतृत्व एवं समर्पित चिकित्सकीय टीम

इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए जेएलएन मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अनिल सामरिया एवं मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. अरविंद खरे के मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में न्यूरोसर्जरी एवं एनेस्थीसिया विभाग की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. अरविंद खरे ने बताया कि एंडोवास्कुलर कॉइलिंग की यह सुविधा जेएलएन अस्पताल में पहली बार शुरू की गई है। इससे अब ब्रेन एन्यूरिज्म जैसे जटिल मामलों के लिए मरीजों को अनावश्यक रूप से जयपुर रेफर नहीं करना पड़ेगा और उन्हें अत्याधुनिक उपचार की सुविधा अजमेर में ही मिल सकेगी।

न्यूरोसर्जरी टीम

डॉ. सुशील आचार्य, प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष; डॉ. गोराग गढ़वाल, एसोसिएट प्रोफेसर; डॉ. विराग हिंगानी, असिस्टेंट प्रोफेसर; डॉ. कमलदीप खत्री एवं डॉ. दीपक, सीनियर रेजिडेंट-III; डॉ. राहुल एवं डॉ. सचिन, सीनियर रेजिडेंट-II तथा डॉ. कृष्णा, सीनियर रेजिडेंट-I ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

एनेस्थीसिया टीम

डॉ. अरविंद खरे, डॉ. पूजा माथुर, डॉ. नैना, डॉ. प्रदीप, डॉ. रत्न, डॉ. मुकुट, डॉ. दीपिका, डॉ. कुलदीप एवं डॉ. कुशांग सहित एनेस्थीसिया टीम के अन्य सदस्यों ने प्रक्रिया को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

मरीज अब स्वस्थ

सफल प्रक्रिया के बाद मरीज की स्थिति में लगातार सुधार हुआ और वह अब स्वस्थ है। इस सफलता के साथ जेएलएन अस्पताल ने यह साबित किया है कि अत्याधुनिक न्यूरोसर्जिकल उपचार अब केवल बड़े महानगरों तक सीमित नहीं हैं।
जेएलएन अस्पताल प्रशासन का उद्देश्य है कि अजमेर संभाग के मरीजों को जटिल एवं उच्च स्तरीय उपचार की सुविधाएं स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हों, ताकि उन्हें उपचार के लिए जयपुर, दिल्ली या अन्य बड़े शहरों में जाने की आवश्यकता कम से कम पड़े।
यह उपलब्धि जेएलएन मेडिकल कॉलेज एवं चिकित्सालय, अजमेर की विशेषज्ञ चिकित्सकीय सेवाओं, आधुनिक तकनीक और मरीज-केंद्रित चिकित्सा व्यवस्था की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है।

admin
Author: admin