नसीराबाद छावनी परिषद के मुख्य अधिशासी अभियन्ता मो साकिब आलम ने वार्ड संख्या 4 में स्वच्छता व्यवस्था, क्षतिग्रस्त सड़कों, नालियों व अतिक्रमण एवं नागरिक समस्याओं का किया निरीक्षण
मुकेश वैष्णव/दिव्यांग जगत/अजमेर
अजमेर । जिला कलक्टर लोक बन्धु ने आगामी 21 जून को होने वाली नीट परीक्षा में संपूर्ण सुरक्षा एवं एहतियाती इंतजाम रखने के निर्देश दिए हैं। परीक्षा जिले के 15 केन्द्रों पर आयोजित होगी। उन्होंने कहा कि परीक्षा में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। प्रश्न-पत्र, परीक्षा केन्द्र सुरक्षा, वीक्षकों की जिम्मेदारी एवं अफवाहों की रोकथाम के लिए पुलिस एवं प्रशासन मिल कर काम करेंगे। केन्द्राधीक्षक पूरी गंभीरता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें।
जिला कलक्टर लोक बन्धु ने मंगलवार को कलक्ट्रेट में नीट परीक्षा से जुड़े अधिकारियों एवं केन्द्राधीक्षकों की बैठक ली। बैठक में नीट परीक्षा के लिए सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था, जिला स्तरीय समन्वय समिति के दायित्व, चिकित्सा एवं अन्य व्यवस्था, केन्द्राधीक्षकों के दायित्व एवं पुलिस संबंधी दायित्वों पर विस्तृत निर्देश दिए गए। जिला कलक्टर लोक बन्धु ने कहा कि नीट परीक्षा को निर्विघ्न सम्पन्न कराना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। परीक्षा से जुड़े सभी अधिकारी, केन्द्राधीक्षक एवं पुलिस पूरी गंभीरता के साथ अपने दायित्वों को निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए सुरक्षा, कानून व्यवस्था, चिकित्सा, विद्युत आपूर्ति और परीक्षा संचालन से जुड़े विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। इनका कड़ाई से पालना सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों में प्रवेश के समय सभी अभ्यर्थियों का अनिवार्य रूप से बायोमेट्रिक सत्यापन किया जाएगा और फ्रिस्किंग की जाएगी। साथ ही अनुचित साधनों की रोकथाम के लिए गहन जांच की जाएगी। एनटीए द्वारा परीक्षा केंद्रों पर जैमर और सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए जाएंगे। प्रत्येक केंद्र पर अनिवार्य रूप से वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी। प्रत्येक तीन परीक्षा केंद्रों पर एक फ्लाइंग स्क्वाड तैनात रहेगा। प्रत्येक केंद्र पर पुलिस गार्ड की व्यवस्था होगी। इसमें अनिवार्य रूप से 50 प्रतिशत महिला कार्मिक शामिल होंगी। उन्होंने कहा कि जिला स्तरीय समन्वय समिति द्वारा परीक्षा केंद्रों की सूची को अंतिम रूप देकर वहां आवश्यक मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। इसके तहत परीक्षा से ठीक एक दिन पूर्व सभी केंद्रों का पूर्ण सैनिटाइजेशन कराया जाएगा। परीक्षा के दिन केंद्रों पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति एवं डीजी सेट रहेगा। परीक्षा केंद्रों के लिए चिकित्सा दलों की तैनाती रहेगी। केन्द्राधीक्षकों को पाबंद किया गया है कि परीक्षा के दिन प्रातः 11 बजे केंद्र का प्रवेश द्वार खोल दिया जाए और दोपहर 1.30 बजे के बाद किसी भी परिस्थिति में किसी भी अभ्यर्थी को केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाए। परीक्षा केंद्रों पर डिप्टी सेंटर सुपरिटेंडेंट की नियुक्ति की जाएगी। पुलिस विभाग द्वारा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को सुरक्षा नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। परीक्षा सामग्री को संग्रहण केंद्रों तक सुरक्षित पहुंचाने के लिए सशस्त्र पुलिस और एस्कॉर्ट वाहन की व्यवस्था की जाएगी। इस तरह अन्य सुरक्षा इतंजाम भी रहेंगे। सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कार्यवाही होगी। इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर श्रीमती वंदना खोरवाल एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिमांशु जांगिड़ सहित सभी केन्द्राधीक्षक उपस्थित रहे।


