दिव्यांगजनो के सशक्तिकरण हेतु उदय समूह का जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया
मुकेश वैष्णव/दिव्यांग जगत/अजमेर
अजमेर । राजस्थान महिला कल्याण मंडल, चाचियावास द्वारा संचालित समुदाय आधारित पुनर्वास (CBR) कार्यक्रम के तहत उदय सम्मिलित दिव्यांगजन समूह का जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में महिला मोर्चा अध्यक्ष भारती श्रीवास्तव तथा मंजू यादव उपस्थित रहीं, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में कुचिल सरपंच एवं देशवाली समाज समूह अध्यक्ष शाहिद खान शामिल
हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों एवं विशिष्ट अतिथियों के साथ संस्था के निदेशक राकेश कुमार कौशिक, अतिरिक्त निदेशक तरुण शर्मा, सचिव एवं मुख्य कार्यकारी क्षमा आर. कौशिक द्वारा मां सरस्वती एवं संस्था के संस्थापक स्वर्गीय सागरमल जी कौशिक के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर निदेशक राकेश कौशिक ने उदय समूह के कार्य, उद्देश्य एवं महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उदय समूह दिव्यांगजनों को संगठित कर उन्हें सशक्त बनाने की दिशा में कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि उदय समूह के विकास के लिए जिला स्तरीय समिति के गठन पर भी चर्चा की गई। साथ ही आगामी चरण में उदय सदस्यों के लिए राजस्थान से बाहर कार्यरत संस्थाओं का शेकक्षणी, शैक्षणिक भ्रमण (Exposure Visit) कराने की योजना है, जिससे उन्हें नई सीख और अपने कार्य में नवाचार लाने की प्रेरणा मिलेगी।
मुख्य अतिथि भारती श्रीवास्तव ने अपने संबोधन में कहा कि यह संस्था लंबे समय से दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सराहनीय कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि उन्होंने स्वयं कई बच्चों को संस्था के माध्यम से प्रशिक्षण प्राप्त कर आत्मनिर्भर बनते हुए देखा है। उन्होंने उदय समूह के सदस्यों से संस्था के कार्यों को आगे बढ़ाने और समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।
विशिष्ट अतिथि शाहिद खान ने कहा कि वे पिछले 12 वर्षों से संस्था से जुड़े हुए हैं और इसके कार्यों को नजदीक से देख रहे हैं। उन्होंने बताया कि संस्था उनकी ग्राम पंचायत क्षेत्र में भी सक्रिय रूप से कार्य कर रही है, जहां दिव्यांग बच्चों को शिक्षा, प्रशिक्षण एवं रोजगार से जोड़ने में महत्वपूर्ण सहयोग दिया गया है।
कार्यक्रम के दौरान अंजलि माहेश्वरी द्वारा उदय समूह एवं संस्था से संबंधित प्रशिक्षण गतिविधियां आयोजित कराई गईं। इन गतिविधियों के माध्यम से उदय समूह, सीबीआर प्रोग्राम तथा संस्था की कार्यप्रणाली की जानकारी खेल आधारित गतिविधियों के माध्यम से रोचक तरीके से दी गई। वहीं विपुल कवरिया द्वारा उदय समूह की सफलता की कहानियां साझा की गईं, जिससे उपस्थित सदस्यों को प्रेरणा मिली।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में अजमेर जिले के 35 गांवों एवं अजमेर शहरी क्षेत्र से कुल 68 प्रतिभागियों ने भाग लिया। सभी प्रतिभागियों ने उदय समूह को जिला स्तर पर मजबूत संगठन के रूप में विकसित करने की आवश्यकता पर अपने विचार व्यक्त किए और संस्था द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की।
कार्यक्रम के दौरान संस्था द्वारा ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 50 लोगों को सम्मानित किया गया। साथ ही विजन चैलेंज से जुड़े नितेश वैष्णव को कक्षा 10वीं में 89 प्रतिशत अंक प्राप्त करने पर विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का मंच संचालन देवाराम गुर्जर द्वारा किया गया। प्रशिक्षण के सफल आयोजन में सिमरन खातून, मंजू, साकिर , पारूल, छगन मेघवंशी एवं रामनिवास सरगरा का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।


